जोधपुर. प्रदेश मंत्रीमंडल में फेरबदल के निर्णय के अटकलों के बीच मंगलवार को प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट जोधपुर पहुंचे। वे यहां विभिन्न शोकसभाओं में शामिल हुए।
एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में पायलट ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पर कहा कि इसमें तीन प्रस्ताव पारित हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष व कार्यसमिति ने जो निर्णय लिए हैं, उसकी पालना पूरी पार्टी करेगी। राजस्थान के उपचुनावों में सभी सीटें कांग्रेस जीतेगी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन रहेगा।
भाजपा पर प्रहार करते हुए पायलट ने कहा कि सात साल के कार्यकाल के हम सब गवाह हैं कि केंद्र सरकार हर मोर्चें पर विफल रही है। जो बातें भाषण और मेनिफेस्टो में रखी गई है, उन सभी पर काम नहीं हुआ है। केंद्र सरकार की किसानों के प्रति जो बेरूखी है, उसका विरोध आज पूरे भारत में हो रहा है। पूरे भारतवर्ष में केवल कांग्रेस ही भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती दे सकती है। देश में खाद व बिजली सभी की किल्लत है। गैस, पेट्रोल-डीजल को लेकर कोई वक्तव्य भाजपा सरकार का नहीं आ रहा है। सचिन ने ओसियां के चाडी गांव जाकर पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। केरू गांव में युवा नेता सतपाल देवासी के आवास पर जाकर उनकी माता को श्रद्धांजलि दीं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत के निवास पर जाकर उनकी माता को श्रद्धांजलि दीं। उनके साथ विधाय दीपेन्द्रसिंह शेखावत, हेमाराम चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, विधायक मुकेश भाकर, विधायक रामनिवास गावडि़या, कांग्रेस नेता करणसिंह उचियारड़ा, सेवादल के राजेश सारस्वत, कांगेस के पूर्व प्रवक्ता राजेश मेहता मौजूद रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3n5jO5H
0 comments:
Post a Comment