जोधपुर. पशुओं के चारे के बकाया २३ हजार रुपए न देने पर मोटरसाइकिल छीनने के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने पर एक युवक अपनी पत्नी व पुत्र के साथ सोमवार को जिला कलक्टर परिसर पहुंचा और पेट्रोल उड़ेल आत्मदाह का प्रयास किया। पेट्रोल उड़ेलते ही उदयमंदिर थाना पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
थानाधिकारी अमित सिहाग ने बताया कि मूलत: पीथावास हाल बनाड़ रोड क्षेत्र में कुम्हारों की ढाणी के विनायक नगर निवासी पारसराम पुत्र पूराराम बिश्नोई दोपहर में पत्नी व पुत्र के साथ कलक्टर कार्यालय परिसर पहुंचा। वह आत्मदाह की धमकी देने लगा। वह प्लास्टिक बोतल से खुद पर पेट्रोल उड़ेलने लगा। इतने में एएसआइ बींजाराम ने उसे रोक लिया। पेट्रोल की बोतल पकड़ ली। थानाधिकारी अमित सिहाग भी मौके पर आए और युवक से मामले की जानकारी ली। फिर उसे थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने पारसराम पुत्र पूराराम बिश्नोई को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। शाम को उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने पर छह माह के लिए पाबंद कर जमानत पर छोडऩे के आदेश दिए गए।
पशुओं के लिए चारे के बकाया हैं २३ हजार रुपए
बनाड़ थानाधिकारी सीताराम खोजा का कहना है कि परसाराम सारण नगर पुल के पास टाल से पशुओं के लिए चारा ले जाता था, जहां २३ हजार से अधिक रुपए बकाया हैं। चारा टाल संचालक ने भुगतान न करने पर रविवार को उसकी मोटरसाइकिल खड़ी करवा ली। परसाराम पैदल हो गया। वह रात को थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे सोमवार सुबह आने को कह दिया, लेकिन वह थाने की बजाय कलक्टर कार्यालय पहुंच गया और आत्मदाह की धमकी देने लगा।
चारा टाल को लेकर भी विवाद
पुलिस का कहना है कि सारण नगर पुल के पास चारा टाल को लेकर भी कुछ लोगों को आपत्ति है। टाल हटाने की मांग को लेकर एक क्षेत्रवासी ने भी कुछ समय पहले पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह करने की धमकी दी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3BDgMvm
0 comments:
Post a Comment