जोधपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व अध्यक्ष किशोर न्याय समिति राजस्थान उच्च न्यायालय विजय विश्नोई ने शनिवार को राजकीय सम्प्रेक्षण व किशोर गृह में राजकीय सुरक्षित अभिरक्षा गृह का लोकार्पण किया। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने समारोह की अध्यक्षता की।
न्यायाधीश विश्नोई ने अपने उदबोधन में कहा कि उम्मीद करता हूं कि यह अभिरक्षा गृह जिस उद्देश्य के लिए बना है, वह जरूर पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यहां बच्चे किन परिस्थितियों में आए, मजबूरी में घर से दूर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व प्रशासन की ओर से समय-समय पर यहां की जरूरतों का ध्यान रखा जाता है, लेकिन हम सभी का, आम लोगो, समाज के लोगों की भी जिम्मेदारी बनती है कि इन बच्चों के लिए कुछ करें। इन बच्चों को अच्छा प्रशिक्षण व अच्छे संस्कार यहां मिले ताकि आगे किसी प्रकार के अपराध में शामिल ना हो, समाज की मुख्य धारा से जुड़े।
राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने कहा कि जोधपुर राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह में आज अच्छी शुरुआत हुई है। जोधपुर में राजस्थान का पहला कौशल प्रशिक्षण केंद्र बनकर लगभग तैयार हो गया। यहां पूरे प्रदेश के यह बच्चे ट्रेनिंग लेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत न्यायाधीश संदीप मेहता ने इस भावनाओं के साथ शुरू करवाया। अब न्यायाधीश विश्नोई पूरा कराकर बच्चों को प्रशिक्षण के लिए सुपुर्द करवाएंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर प्रथम सत्यवीरसिंह यादव थे।
बालकों ने दी प्रस्तुतियां
किशोर-गृह के बालकों ने घूमर, कालबेलिया, एकल नृत्य व कचहरी नाटक की प्रस्तुति दी। प्रारम्भ में बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने बालकों को व्यवसायिक प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र दिए। सहायक निदेशक बाल अधिकारिता बी.एल.सारस्वत ने बताया कि प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर वर्ष 2020-21 के तहत राजकीय सुरक्षित अभिरक्षा (प्लेस ऑफ सेफ्टी) का निर्माण करवाया गया है। इस पर 7 लाख 47 हजार की राशि आवंटित की गई थी। इसमें 16 से 18 वर्ष आयु के वर्ग के अपराधिक प्रवृत्ति के बच्चे जिनका अपराध कारित हो गया, उन्हें रखा जाएगा।
कौशल प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन
न्यायाधीश बिश्नोई व आयोग अध्यक्ष बेनीवाल ने कार्यक्रम के पश्चात नारी निकेतन परिसर के निर्मित कौशल प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया। समारोह में प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट जे.जे.बी. कन्हैयालाल पारीक, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष धनपत गुर्जर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अनिल व्यास व अधीक्षक राजकीय किशोर गृह समिति मनमीत कौर उपस्थित थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Y17oDk
0 comments:
Post a Comment