जोधपुर. मेरा जन्मक्षेत्र सिरोही रहा है और कर्मक्षेत्र जोधपुर,मैं हमेशा इनका ऋणी रहूंगा, हमें अपने जन्म और कर्म क्षेत्र का ऋण जरूर उतारना चाहिए,मैं ऐसा प्रयास करता हूँ। यह कहना है राजस्थान हाईकोर्ट से सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ प्रशासनिक न्यायाधीश संगीतराज लोढ़ा का। वे मंगलवार को आयोजित विदाई समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। जस्टिस लोढ़ा ने 24 साल की वकालत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जेहन में साथी अधिवक्ताओं की तकरार, कोरिडोर के ठहाके और 22 नंबर चैम्बर की खट्टी-मिट्टी यादें आज भी बरकार हैं। जस्टिस लोढा़ ने 12 वर्ष के न्यायाधीश के रूप में किए कार्य को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव आमजन को न्याय दिलाने का प्रयास किया। जस्टिस लोढ़ा ने कहा कि वे पुराने हाईकोर्ट परिसर में आकर भावुक हो जाते हैं, उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान यदि किसी को ठेस पहुंची हो तो मिच्छामी दुक्कड़म के साथ क्षमा चाहते हैं। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित विदाई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि न्यायाधीश विजय विश्नोई ने जस्टिस लोढ़ा की ओर से किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें सौम्य हृदय वाले न्यायाधीश बताया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के उपाध्यक्ष डा. सचिन आचार्य ने एशोसिएशन की ओर से सोलर पैनल लगाने को नवाचार बताते हुए कहा कि हम नए युग की ओर बढ़ रहे हैं। प्रारम्भ में एशोसिएशन के अध्यक्ष नाथूसिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन में जस्टिस लोढा़ के वकील और न्यायाधीश के रूप बिताए गए समय को याद करते हुए कई प्रसंगों का जिक्र किया। उपाध्यक्ष रतनाराम ढोलिया,महासचिव दर्शनराम,सहसचिव कैलाशकुमार प्रजापत,पुस्तकालय सचिव भगवती पंवार,कोषाध्यक्ष कँवरलाल विश्नोई ने जस्टिस लोढा़ को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान जस्टिस अरुण भंसाली,जस्टिस पीएस भाटी,जस्टिस विनीत माथुर,कुलदीप माथुर,फरजंद अली, रेखा बोराणा,जस्टिस लोढा़ की पत्नी वीणा लोढा़, न्यायिक अधिकारीगण सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन काव्यमय तरीके से अधिवक्ता देवकीनंदन व्यास ने किया।
सोलर पावर पैनल का अनावरण
बिजली संकट के बीच जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को वरिष्ठ न्यायाधीश संगीतराज लोढा़,जस्टिस विजय विश्नोइ,महानगर डीजे रविंद्र जोशी,जिला न्यायाधीश राघवेंद्र काछवाल,ऐशोसिएशन के अध्यक्ष नाथुसिंह राठौड़ ने 28 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सोलर पावर पैनल का अनावरण किया। प्रथम चरण में इस कार्य पर 14 लाख रुपए खर्च होंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ADkt34
0 comments:
Post a Comment