पीपाड़सिटी (जोधपुर). नाराज पत्नी को लाने नागौर जिले के मेड़ता में कुरड़ाया गांव गए दामाद को ससुराल वालों ने पीट दिया और बेहोशी की हालत में खेत में छोड़ दिया। जैसे-तैसे वह पीपाड़ सिटी अपने घर पहुंचा, जहां उसका दम टूट गया। ससुराल वालों के खिलाफ मेड़ता थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
सूत्रों के अनुसार जसपाली निवासी नेमाराम सरगरा की पत्नी मनमुटाव के चलते मेड़ता में कुरड़ाया स्थित पीहर में है। उसे लाने के लिए नेमाराम गत दो अक्टूबर को ससुराल कुरडाया गया था। दूसरे दिन साथ चलने का बताकर उसे रात वहीं रोक लिया गया।
आरोप है कि रात को खाना खाने के बाद ससुराल वालों के साथ कुछ बाहरी लोग आए। विवाद होने पर सभी ने लाठी-डण्डों से उसे जमकर पीटा। जिससे वह अद्र्ध मूर्छित हो गया। उसे अधमरा समझ खेत में छोड़ दिया गया। होश आने पर नेमाराम ने समाज के लोगों को पूरी जानकारी दी और जैसे-तैसे अपने गांव पहुंचा। समाज के लोगों ने दूसरे पक्ष वालों से समझाइश करने के प्रयास किए।
इस बीच, बुधवार देर शाम नेमाराम की मृत्यु हो गई। शव पीपाड़ शहर के अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। विरोध में समाज के लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए। परिजन मेड़ता थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस पीपाड़ शहर पहुंची और पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंपा गया।
परिजन व समाज में रोष, शव उठाने से इनकार
मामले का पता लगने पर सरगरा समाज के लोग अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। गिरफ्तारी न होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया गया। पुलिस ने सभी से समझाइश की और तीन जनों को हिरासत में लेने की जानकारी दी। तब मृतक के परिजन व समाज के लोग मानें और धरना समाप्त कर शव ले गए। धरने में सरगरा समाज के गुलाबराम, हड़मान गौरी, भीयाराम, हरिराम, भूराराम, ओमाराम, आरडी सागर, माधुराम, मुल्तानराम, मांगीलाल, प्यारेलाल ,नंदू आदि मौजूद रहे।
पति-पत्नी में था मामूली मनमुटाव
मृतक व उसकी पत्नी के बीच गत दिनों मामूली नोंक-झोंक हो गई थी। इसका पता लगा तो पीहर पक्ष के लोग वहां आए थे और बच्चों को वहीं छोड़ नेमाराम की पत्नी को साथ ले गए थे। उसे दहेज के मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी। इन सबके बावजूद वह पत्नी को लेने ससुराल गया था।
इनका कहना है
मामला मेड़ता थाना क्षेत्र का है। ऐसे में वहां सूचना दी गई। परिजन ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। मेड़ता थाना पुलिस टीम की उपस्थिति में पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंपा गया।
बाबूलाल राणा, थानाधिकारी, पुलिस स्टेशन पीपाड़ शहर, जोधपुर ग्रामीण।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3mx4sqq
0 comments:
Post a Comment