जोधपुर.
मण्डोर थानान्तर्गत नृसिंह प्याऊ के पास कीर्ति नगर सेक्टर डी स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों के सोने व चांदी के आभूषण व 50 हजार पांच सौ रुपए चुरा लिए। मां-पुत्र के भीलवाड़ा व महिला के बहन से मिलने अस्पताल जाने की वजह से मकान सूना था।
पुलिस के अनुसार कीर्ति नगर सेक्टर डी निवासी सुषमा पत्नी जसवंत शर्मा गत दो अक्टूबर की रात बहन का प्रसव होने पर मिलने के लिए निजी अस्पताल गई थी। वह रात को वहीं रूक गई थी। पति अपनी बहन से मिलने के भीलवाड़ा में मांडल गए थे। सास व दस वर्षीय पुत्र भी साथ था। ऐसे में मकान में कोई नहीं था। रात को चोरों ने मकान के ताले तोड़े और अंदर घुसे। अलमारियां व लॉकर के ताले तोड़कर 23 तोला सोने के विभिन्न आभूषण, 1510 ग्राम चांदी के अनेक प्रकार के जेवर, घरेलू कीमती सामान व 50500 रुपए चुरा लिए।
सुषमा दूसरे दिन घर लौटी तो मुख्य दरवाजे के साथ-साथ मकान के अंदर सभी ताले टूटे हुए थे। अलमारियों के ताले व लॉकर भी टूटे हुए थे। महिला ने अपने पति को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पहुंची व जांच की।
वारदात स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। उप निरीक्षक किशनाराम को जांच सौंपी गई है।
एक अन्य चोरी मण्डोर थानान्तर्गत नारी निकेतन के सामने भूखण्ड में हुई। नयापुरा निवासी हरिराम पुत्र खींयाराम बिश्नोई ने भूखण्ड पर पट्टियों का कमरा बना रखा है। वह दो-तीन माह से गायब लेकर गांव गया हुआ था। गत 2 अक्टूबर को वह गांव से लौटा तो पट्टियां टूटी हुईं थी। अंदर रखा घरेलू सामान, पानी की मोटर, गैस सिलेण्डर व घरेलू बर्तन गायब थे। इसी तरह बोरानाडा में गणेश टी स्टॉल नामक दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने गल्ले से रुपए चुरा लिए। विश्वकर्मा नगर निवासी दुकान संचालक गणेश प्रजापत की तरफ से चोरी का मामला दर्ज किया गया।
सेवानिवृत्त फौजी के मकान में चोरी
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत केबीएचबी सेक्टर 3डब्ल्यू निवासी रमेश कुमार पुत्र शिव शंकर दयाल माथुर सेवानिवृत्त फौजी हैं। वे परिवार सहित जैसलमेर रहते हैं। गत दो अक्टूबर को पड़ोसी ने मकान में चोरी की सूचना दी। इस पर वो परिवार सहित जोधपुर लौटे। मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने मकान में अलमारियों के ताले तोड़कर 22 हजार रुपए, 23 ग्राम सोने का हार, सोने की चार अंगूठियां, सोने के झुमके का एक सैट चुरा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3Ab059l
0 comments:
Post a Comment