जोधपुर. केंद्रीय रेल, संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को यहां माहेश्वरी भवन में डाक विभाग के नवनिर्मित जैसलमेर डाकमण्डल और रामदेवरा डाकघर के नए भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया। समारोह में उन्होंने 16 मिनट तक अपना उद्बोधन दिया, जिसमें 24 बाद नरेंद्र मोदी का नाम और उनकी योजनाओं का जिक्र किया। उनके भाषण में मोदी व मिट्टी छाए रहे। जोधपुरी नाते से जुड़ाव के लिए वैष्णव ने कई बार मारवाड़ी में लोगों को संबोधित करने के साथ शहर के मिठाई व नमकीन की प्रसिद्ध दुकानों चतुर्भुज के गुलाब जामुन, चांदविलास की नमकीन, पोकर के मिर्चीबड़े और ओलम्पिक तिराहे की लस्सी का जिक्र किया।
दर्शक दीर्घा में लोगों से वंदेमातरम का उद्घोष करवाने के बाद अश्विनी ने अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘मैं तो ई माटी रो ही जायो जन्मयो हूं, आपरो छोटा भाई रा हिसाब सूं मिलण आयो हूं।’ उन्होंने कहा कि डाक विभाग में काफी बदलाव आ रहा है। अब डाकिया डाकिया नहीं रहा, वह बैंकर बन गया है। गांव-ढाणी तक डाक विभाग के माध्यम से लोगों के घर तक पैसा पहुंच रहा है। डाक विभाग के पश्चिमी क्षेत्र ने 75 हजार सुकन्या समृद्धि खाते खोलने का रिकॉर्ड कायम किया। कार्यक्रम में 75 हजारवां खाता खुलवाने वाली लडक़ी को मंच पर क्यूआर कोड व पासबुक दी गई। अश्विनी ने बच्ची को गोदी में उठाया। कार्यक्रम को डाक विभाग के सचिव विनित पाण्डे, राजस्थान की चीफ पोस्टमास्टर जनरल अनुला कुमार, पश्चिमी क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल सचिन किशोर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
97 साल बाद जैसलमेर डाकमण्डल बना
प्रदेश में अब तक 10 डाक मण्डल थे। शनिवार को वैष्णव ने जैसलमेर के रूप में 11वें डाकमण्डल का शुभारंभ किया। जैसलमेर वर्ष 1924 से जोधपुर डाकमण्डल के अधीन था।
49 साल बाद रामदेवरा का खुद का भवन
रामदेवरा में 1972 में डाकखाना स्थापित हुआ था जो अब तक किराए के भवन में चल रहा था। अब रामदेवरा में डाक विभाग ने खुद का भवन तैयार कर लिया है। अश्विनी ने इसका भी वर्चुअल उद्घाटन किया। जैसलमेर और रामदेवरा दोनों ही स्थानों से वर्चुअली अधिकारी, कार्मिक व आम लोग जुड़े।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YcDRqz
0 comments:
Post a Comment