जोधपुर. उप राष्ट्रपति वैकेंया नायडू चार दिन तक जोधपुर में रहेंगे। इस दौरान वे कई कार्यक्रम में शामिल होंगे और मेहरानगढ़ भी निहारेंगे। उनके साथ राज्यपाल कलराज मिश्र भी रहेंगे। संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा और जिला कलक्टर इंद्रजीतसिंह ने उनके दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जायजा लिया। दौरे को लेकर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन से सर्किट हाउस तक प्रशासन ने रिहर्सल की। इस दौरान मण्डोर कृषि मण्डी चौराहे के पास रेलवे फाटक बंद होने पर वाहनों की लाइनें लगी रही। ऐसे में एयरफोर्स स्टेशन से निकला रिहर्सल का कारकेड जाम में फंस गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी जाम की वजह से रूके रहे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उप राष्ट्रपति नायडू 27 सितम्बर को जोधपुर आएंगे। इसी दिन वे मेहरानगढ़ का भ्रमण करेंगे। जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। अगले दिन 28 सितम्बर को प्रात: आईआईटी जोधपुर में आयोजित उदघाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में राज्यपाल कलराज मिश्र की पुस्तक संविधान, संस्कृति और राष्ट्र का लोकार्पण करेंगे। अगले दिन 29 सितम्बर को वे बीएसएफ हेड क़्वार्टर, जोधपुर के कार्यक्रम में भाग लेंगे और वहां अधिकारियों से रूबरू होंगे। 30 सितम्बर सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
शुक्रवार को संभागीय आयुक्त डॉ राजेश शर्मा व जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह ने विभिन्न स्थलों का मुआयना किया। एयरपोर्ट, मेहरानगढ़ और सर्किट हाउस में अधिकारियों ने तैयारियां बारिकी से देखी। पुलिस कमिश्नर जोस मोहन भी रहे। बीएसएफ परिसर और अंत में आईआईटी जोधपुर का भी अवलोकन किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kHubwI
0 comments:
Post a Comment