जोधपुर. राष्ट्रीय, राज्य व जिलास्तर पर सोने व चांदी के मेडल प्राप्त करने वाले विभिन्न खेलों के खिलाड़ी इन दिनों जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए विभिन्न संकायों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। दूसरी प्रवेश सूची के सामान्य विद्यार्थियों को प्रवेश मिल गया, लेकिन खिलाडिय़ों को अभी तक प्रवेश नहीं दिया गया। कारण यह है कि विवि खिलाडिय़ों के खेल प्रमाण पत्र का सत्यापन करने वाली कमेटी समय पर गठित करना भूल गया। स्पोट्र्स बोर्ड में आवेदन पत्रों के ढेर लग गए हैं। कला, वाणिज्य व विज्ञान सभी संकाय के कार्मिक प्रतिदिन स्पोट्र्स बोर्ड से सम्पर्क कर रहे हैं।
विवि में बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले कई स्कूली छात्र स्पोट्र्स कोटे से आवेदन करते हैं। ये वो छात्र हैं जिन्होंने विभिन्न खेलों में जिलास्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विवि की अकादमिक शाखा इन खिलाडिय़ों के खेल प्रमाण पत्र की जांच करने और उन्हें बोनस अंक देने के लिए हर साल स्पोट्र्स कमेटी गठित करती है। विवि के समस्त संकाय स्पोट्र्स कोटे से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के आवेदन पत्र सत्यापन के लिए इस कमेटी को भेजते हैं लेकिन इस साल विवि समय पर कमेटी गठित करना भूल गया। प्रथम प्रवेश सूची की अंतिम तिथि 31 अगस्त को निकल गई। इसके बाद 9 सितम्बर तक बढ़ाई गई विलंब शुल्क तिथि भी निकल गई। अब तो दूसरी सूची के विद्यार्थियों ने भी प्रवेश ले लिया है।
संकायों के पास खिलाडिय़ों के सवालों का जवाब नहीं
एक महीने बाद भी खिलाडिय़ों के प्रवेश नहीं मिलने पर वे हर रोज विवि के विभिन्न संकायों के चक्कर लगाते हैं लेकिन संकाय कार्मिकों के पास उनके सवालों का कोई जवाब नहीं है।
3 दिन पहले ही जागा विवि
खिलाडिय़ों व विवि के अन्य संकायों के रोष के बाद तीन दिन पहले ही विवि की अकादमिक शाखा जागी है। गत शनिवार को ही अकादमिक शाखा ने आदेश जारी करके स्पोट्र्स बोर्ड के अध्यक्ष प्रो विकास कपूर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित की है।
‘कमेटी गठित हो गई है। हम लोग तेजी के साथ यही काम कर रहे हैं। जल्दी ही सबको प्रवेश मिल जाएगा।’
- डॉ बाबूलाल दायमा, सचिव, स्पोट्र्स बोर्ड, जेएनवीयू
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3hWMgVC
0 comments:
Post a Comment