जोधपुर. देवझूलनी एकादशी शुक्रवार को हर्षोल्लास से मनाई गई। सूर्यनगरी के सभी प्रमुख वैष्णव मंदिरों में पुजारियो की ओर से धार्मिक अनुष्ठान हुए। कृष्ण मंदिरों में सूर्यास्त से पूर्व भगवान कृष्ण के चल विग्रह को कोविड गाइड लाइन पालना के साथ पवित्र सरोवरों में अभिषेक करने के लिए लाया गया। रेवाडिय़ों के समक्ष हरि नाम संकीर्तन करते वैष्णव भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।
घरों में नित्य ठाकुरजी की सेवा करने वाले भक्त भी नजदीकी जलाशयों में पहुंचे और विग्रह का जलाभिषेक किया। मंडोर क्षेत्र के रामतलाई जलाशय और पूंजला नाडी पर आस पास के क्षेत्र के श्रद्धालु सोशल डिस्टेंसिंग की पालना और जयघोष करते ठाकुरजी की रेवाडि़यों के साथ पहुंचे और देव विग्रहों का अभिषेक किया। जय कन्हैया लाल की.. हाथी घोड़ा पालकी.. के जयकारों के साथ रामतलाई जलाशय पर ठाकुरजी विग्रहों का वर्षा जल से अभिषेक कर पूजा अर्चना की गई।
रामतलाई पर्यावरण संरक्षण संस्था के संयोजक बलवीर भाटी इस बार बारिश कम होने से जलाशय में पानी की आवक कम होने और कोविड गाइडलाइन के कारण सीमित संख्या में ही भक्तजन पहुंचे। राईका बाग स्थित युगलजोड़ी बाबा रामदेव मंदिर में इस बार कोविड गाइडलाइन के कारण शोभायात्रा स्थगित कर ठाकुरजी के विग्रह का जलाभिषेक मंदिर प्रांगण में ही किया गया। ठाकुरजी विग्रह के गंगाजल से अभिषेक करने के बाद सैनाचार्य अचलानंदगिरि ने महाआरती कर मारवाड़ में खुशहाली व सर्वमंगल कामना की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3tQT2kE
0 comments:
Post a Comment