जोधपुर. कई दिनों बाद मंगलवार शाम को शहर में बादलों का मौसम बना। घने बादलों के साथ ठंडी हवाएं चली और गर्जना व बिजली की चकाचौंध के साथ बौछारें गिरी लेकिन ये मेघ भी अधिक देर तक नहीं बरस सके। आधे घण्टे बाद ही बरसात बंद हो गई। इस दौरान केवल 7.5 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड हो सकी। आधी-अधूरी बारिश से उमस अधिक हो गई। बंद इमारतों में लोग परेशान हो गए। शहरवासियों को इस सीजन की एक मूसलाधार बारिश का अब तक इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में बना सिस्टम कमजोर होने से अब बारिश की संभावनाएं कम है।
सूर्यनगरी में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में अत्यधिक नमी के साथ तेज हवा बहने के कारण उमस का अहसास अपेक्षाकृत कम था। दिन चढऩे के साथ बादल छंटने से धूप भी निकल आई मगर दिनभर हवा के झौंकों ने तपिश का काबू में रखा। दोपहर में पारा 35.1 डिग्री पर पहुंचा। शाम ढलने के बाद आसमां में बादलों की आवाजाही एकाएक बढ़ गई और देखते ही देखते काले-भूरे रंग के पानी वाले बादल आसमां में छा गए। तेज ठंडी हवाएं चली। शाम करीब 7.30 बजे बारिश शुरू हो गई जो कभी तेज तो कभी धीमी गति से आधे घंटे तक चलती रही। इस दौरान सडक़ों पर पानी बहने लगा।
कई दिनों बाद हुई बारिश का शहरवासियों ने स्वागत तो किया लेकिन उम्मीद के अनुरुप बारिश नहीं हो सकी। कुछ ही देर में बरसाती बादल आगे बढ़ जाने से आसमां में केवल बिजलियां ही चमकती रही। बारिश के बाद रात को पैदा हुई उमस ने शहरवासियों को हलकान कर दिया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी कोई खास बारिश के समाचार नहीं है। बाड़मेर और जैसलमेर भी सूखे रहे। दोनों स्थानों पर न्यूनतम तापमान क्रमश: 26.8 व 26.2 और अधिकतम 36.9 व 36.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3frwLUa
0 comments:
Post a Comment