जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सिरोही में रीको के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के वरिष्ठ सहायक को आठ हजार रुपए घूस लेते सोमवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसने दो भूखण्डों की लीज डीड जारी करने की एवज में यह रिश्वत ली।
ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ विष्णुकांत ने बताया कि पाली के सुमेरपुर में अशोक विहार निवासी व्यवसायी विष्णु कुमार अग्रवाल ने गत 23 मार्च को सिरोही के बडग़ांव में ऑनलाइन बोली लगाकर रीको से 1089.39 वर्ग मीटर का औद्योगिक भूखण्ड खरीदा था। उसी दिन उनके मित्र ने भी रीको से एक अन्य भूखण्ड ऑनलाइन क्रय किया। दोनों ने भूखण्डों की लीज डीड जारी करने के लिए रीको के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में सम्पर्क किया, जहां वरिष्ठ सहायक जमील खां ने चार-चार हजार रुपए मांगे। वरिष्ठ सहायक ने यह राशि सोमवार दोपहर तीन बजे तक देने का दबाव डाला।
व्यवसायी ने सुबह एसीबी की सिरोही चौकी में लिखित शिकायत की। गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। तब ब्यूरो ने परिवादी को रीको कार्यालय भेजा। व्यवसायी ने वरिष्ठ सहायक को दोनों भूखण्डों के आठ हजार रुपए रिश्वत दी। इशारा मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणसिंह के नेतृत्व में एसीबी ने दबिश देकर पिण्डवाड़ा में सिरोही रोड पर अजयपुरा निवासी वरिष्ठ सहायक जमील खां पुत्र जान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी जींस की पीछे की जेब से रिश्वत राशि बरामद की गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37dpSBJ
0 comments:
Post a Comment