जोधपुर.
शास्त्रीनगर में मथुरादास माथुर अस्पताल के पीछे बिजलीघर कॉलोनी के एक मकान में गुरुवार देर शाम एक महिला फंदे पर लटकी मिली। मकान में मासूम पुत्री को अकेले ही छोड़ महिला ने आत्महत्या की। कारणों का पता नहीं लग पाया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हरफूलसिंह ने बताया कि मूलत: भरतपुर हाल बिजलीघर कॉलोनी निवासी जितेन्द्र जाटव जोधपुर डिस्कॉम में लाइनमैन है। वह पत्नी व साढ़े तीन साल की मासूम पुत्री के साथ कॉलोनी के मकान में रहता है। देर शाम मकान से मासूम पुत्री के रोने व पत्नी के मोबाइल न उठाने पर पड़ोसी महिला वहां आई तो जितेन्द्र की पत्नी मंजू को फंदे पर लटका पाया। उसके चिल्लाने पर आस-पास के लोग मौके पर आए। पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। जांच के बाद शव मोर्चरी भेज दिया गया। परिजन को सूचित किया गया।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का कारण पता नहीं लग सका है। संभवत: पति-पत्नी में कोई विवाद था। पति गुरुवार सुबह बाहर निकला था। वह ऑफिस नहीं पहुंचा तो डिस्कॉम से उसे फोन भी लगाया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब ऑफिस से पत्नी के पास कॉल आया था। इसके बाद फिर दुबारा पत्नी को कॉल लगाया गया तो उसका भी रिप्लाई आना बंद हो गया।
पुलिस का मानना है कि दोपहर में पुत्री को सुलाने के बाद मंजू ने फंदा लगाया। पुत्री उठी तो रोने लगी। तब आस-पास के लोगों को पता लगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3yw0pzs
0 comments:
Post a Comment