जोधपुर. गुरु शिष्य के अटूट रिश्ते का पर्व गुरु पूर्णिमा जोधपुर में 24 जुलाई को मनाया जाएगा। साधक जीवन के मुख्य पर्व गुरु पूर्णिमा को इस बार लगभग सभी संत और गुरुजन कोविड वैक्सीन के सुरक्षा चक्र में होंगे। जोधपुर के सभी प्रमुख संतों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगा ली है। गुरुपूर्णिमा को इस बार राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान के तहत होगा गुरु स्थलों और सभी प्रमुख पीठों में पौधरोपण कर गुरुपूर्णिमा जाएगा।
गुरु स्थलों पर कोविड गाइडलाइन के अनुसार ही पूजन
सूरसागर बड़ा रामद्वारा परिसर में महंत संत रामप्रसाद के सान्निध्य में 24 जुलाई को सुबह गुरु समाधियों व देवल गादी पूजन के बाद कोविड गाइडलाइन के अनुसार पूजन होगा। सूरसागर रामद्वारा के महंत सहित सभी रामस्नेही संत मंडली ने कोविड वैक्सीन की डोज ले ली है। प्रभु प्रेमी संघ की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव इस बार भी घरों में ही मनाया जाएगा। संघ के मुकुंद व्यास ने बताया कि कोविड के कारण जूनापीठाधीश्वर आचार्य अवधेशान्द गिरि के सभी अनुयायी गुरु पूजन इस बार घरों में ही करेंगे। अखिल भारतीय सैन भक्ति पीठ की ओर सैनाचार्य अचलानंदगिरि के सान्निध्य में गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम कोविड गाइडलाइन की पालना के साथ जोधपुर जिले के ओसियां तहसील के खिंदाकौर ग्राम स्थित बाबा रामदेव मंदिर में होगा। पीठ के रघुवीरसिंह भदावत ने बताया कि राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान के तहत भक्तों की ओर से सघन पौधरोपण किया जाएगा।
गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता का दिन
हिन्दू पंचांग के अनुसार प्रति वर्ष आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व मनाया जाता है। सनातन भारतीय संस्कृति में गुरु को ही देवता तुल्य माना गया है। कहा जाता है कि इसी दिन व्यास जी ने शिष्यों एवं मुनियों को सर्वप्रथम भागवतपुराण का ज्ञान दिया था। इसीलिए गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। इस दिन से चार महीने तक वर्षाकाल में साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर ज्ञान की गंगा बहाते हैं। गुरु पूर्णिमा एक ऐसा पर्व है, जिसमें गुरुजनों, महापुरुषों, माता-पिता एवं श्रेष्ठजनों के लिए कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हैं। रामायण से लेकर महाभारत काल में गुरु का स्थान सबसे महत्वपूर्ण और सर्वोच्च रहा है।
गुरु पूर्णिमा कब से कब तक
पूर्णिमा तिथि प्रारंभ - 2 जुलाई शुक्रवार को सुबह 10.40 बजे से
पूर्णिमा तिथि समाप्त - 24 जुलाई, शनिवार को सुबह 8.06 बजे तक
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3i74zGG
0 comments:
Post a Comment