जोधपुर. मारवाड़ के लोगों को मानसून के लिए अभी तक एक सप्ताह का और इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले सप्ताहांत से मौसमी परिस्थितियां मानसून के अनुकूल बनने की संभावना है। इससे 10 से 11 जुलाई से संभाग में मानसूनी गतिविधियों में बढ़ोतरी के आसार हैं। इधर, शनिवार को भी जोधपुर समेत मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी का मौसम बना रहा। तापमान हालांकि 40 डिग्री से नीचे ही रहा, लेकिन हवा में अत्यधिक नमी के कारण दिनभर पसीना छूटता रहा।
अभी मानसून की ट्रफ लाइन बाड़मेर, जालोर, भीलवाड़ा होते हुए धौलपुर से गुजर रही है। यहां 19 जून को मानसून आया था इसके बाद मानसून ने ब्रेक ले लिया। करीब एक पखवाड़े से मानसून सुस्त है। सामान्यत: पूरे देश में मानसून के छा जाने के बाद हिमालय की तलहटी पर ट्रफ लाइन शिफ्ट हो जाने पर प्रदेश में मानसून का ब्रेक आता है। इस बार मानसून ने पहले ही लंबा ब्रेक ले लिया।
उमस से लोग बेहाल
सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 29.6 और अधिकतम 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वातावरण में आपेक्षिक आद्र्रता का स्तर 80 फीसदी बने रहने के कारण सुबह से ही उमस भरा मौसम था। हालांकि सुबह बादलों की हल्की आवाजाही और तेज हवाएं चलने से उमस से कुछ राहत मिली, लेकिन दिन चढऩे के साथ उमस बढ़ती गई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। जोधपुर के फलोदी में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.9, बाड़मेर में 39.2, नागौर में 40 और पाली में 40.4 डिग्री मापा गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3hbCsqJ
0 comments:
Post a Comment