जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत दाधीच नगर में ऑनलाइन वर्क के लिए मोबाइल न मिलने से गुस्साए बारह वर्षीय मासूम बालिका ने चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद परिजन ने देखा तो नीचे उतार अस्पताल लेकर भागे, लेकिन जान नहीं बच पाई।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि दाधीच कॉलोनी के मकान में भूमिका (12) पुत्री मदनलाल सोनी ने घर के कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। वह अपने ननिहाल में रह रही थी।
पुलिस का कहना है कि मृतका भूमिका सातवीं कक्षा की छात्रा थी। कोरोना की वजह से ऑनलाइन क्लासेज चल रही है। स्कूल का होमवर्क करने के लिए भूमिका ने मां से मोबाइल मांगा। मां ने कुछ देर बाद मोबाइल देने पर होमवर्क करने की नसीहत दी। इससे बालिका गुस्सा हो गई। वह कमरे में चली गई, जहां उसने स्कूल ड्रेस की चुन्नी से फंदा बनाया और हुक पर लटक गई। उधर, मां ने सोचा पुत्री टीवी देख रही होगी। काफी देर तक पुत्री दिखाई नहीं दी तो मां कमरे में पहुंची, जहां पुत्री फंदे पर लटक रही थी।
यह देख मां चिल्लाने लगी तो और परिजन भी वहां आ गए। फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस भी अस्पताल और फिर मौके पर पहुंचकर जांच की। नाना संपतलाल सोनी की तरफ से मर्ग दर्ज कर पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। मृतका के एक भाई भी है। वह मां व भाई के साथ ननिहाल में रह रही थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3yrhOc8
0 comments:
Post a Comment