जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत सेक्टर 16 स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व हजारों रुपए चुरा लिए। दस दिन बाद सोमवार को पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया। वहीं, मण्डोर थानान्तर्गत चार खम्भा में बड़ले के पास स्थित मकान में तोड़-फोड़ कर रुपए व कीमती सामान चुरा लिया गया।
पुलिस के अनुसार चौहाबो में सेक्टर 16 निवासी राजेन्द्र पुत्र मनोहरमल जैन दो माह पूर्व गुजरात के मूंदड़ा पोर्ट निवासी पुत्र के पास गए थे। पीछे मकान में कोई नहीं था। गत 25 जून को शादी में शामिल होने के लिए पुत्रवधू जोधपुर आई थी। वह मकान पहुंची और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुई। अंदर वाले सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा पड़ा था। पुत्रवधू की सूचना पर राजेन्द्र व उनकी पत्नी जोधपुर लौटे। अलमारियां चेक की तो उसमें रखे सोने व चांदी के जेवर, हैदराबादी मोतियों का सैट, डायमण्ड सैट, डिजिटल कैमरा व तेरह हजार रुपए गायब थे।
दस दिन बाद एफआइआर दर्ज
मकान में चोरी के संबंध में राजेन्द्र जैन ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही लिखित शिकायत भी पेश की। पुलिस ने दस दिन बाद सोमवार को चोरी का मामला दर्ज किया।
दरवाजे, खिड़कियां व अलमारियां तोड़ी, रुपए चुराए
मण्डोर थानान्तर्गत चार खम्भा क्षेत्र में बड़ले के पास निवासी महेन्द्रसिंह पुत्र चमनाराम परिहार के सूने मकान में चोरों ने गत तीन जुलाई की रात सेंध लगाई। दरवाजे व खिड़कियां तोड़ डाले। अलमारियां तोड़कर पन्द्रह हजार रुपए व चांदी के आभूषण चुरा लिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3hT2tKP
0 comments:
Post a Comment