जोधपुर. शहर में भले ही मानसून ने दस्तक नहीं दी हो लेकिन सोमवार को दिनभर मानसूनी मौसम बना रहा। अलसुबह काली घटाओं से हल्की बरसात हुई जिससे सडक़ें भीग गई। शाम को एक बार फिर से बदरिया आई और बूंदाबांदी करके चली गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बादलों की हल्की आवाजाही जारी रहेगी। बुधवार से आसमान साफ रहेगा। इसके बाद कुछ दिनों तक बरसात की संभावना नहीं है। उधर मानसून बाड़मेर और जालौर में ही अटका हुआ है। इसके आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने से इसकी गति धीमी हो गई है।
सूर्य नगरी में सोमवार की सुबह घने बादलों की ओट में हुई। सुबह 6 बजे ही घटाएं छाई हुई थी जो 6.30 बजे तक घनी हो गई। काले बादलों के कारण एकदम से अंधेरा छा गया। देखते-देखते तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई जो कुछ देर में हल्की बरसात में तब्दील हो गई। करीब 15 मिनट तक बारिश होती रही। मौसम विभाग ने 1.1 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की। इसके बाद बादल छंटने से मौसम कुछ साफ हुआ। दिन में सूरज और बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम को एक बार फिर से बरसाती मौसम बना।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 27.7 और अधिकतम 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में रात का पारा 27 और दिन का 38.8 डिग्री रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cYXGWn
0 comments:
Post a Comment