जोधपुर. प्रदेश में अगले 4 वर्षों में चरणबद्ध तरीके से दो हज़ार नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों (जीएसएस) का गठन किया जाएगा। जोधपुर संभाग के 6 जिलों में 226 नई जीएसएस बनेगी। नई जीएसएस बनने से ग्रामीणों को घर के नजदीक समर्थन मूल्य पर अनाज बेचने की सुविधा और आसानी से फसली ऋण उपलब्ध हो सकेगा। वे नई कृषि जिंसों की जानकारी ले सकेंगे। जीएसएस का बेहतर संचालन होने से गांव का विकास भी होगा।
नई जीएसएस बनाने का कार्य 1 जुलाई से शुरू किया जा रहा है। ग्राम सेवा सहकारी समिति गठन अभियान चलाकर गांव और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए समस्त जिलों के सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार और केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशकों को निर्देशित किया गया है। जीएसएस गठन के लिए गांव के मौजिज व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कर 15 इच्छुक किसानों से आवेदन पत्र ऑफलाइन प्राप्त किए जाएंगे। शिविर पर निगरानी रखने के लिए जोधपुर स्थित सहकार भवन में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहां प्रतिदिन शिविर की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। शिविर में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि जोधपुर जोन में वर्तमान में 1152 जीएसएस है। जिन गांवों में जीएसएस नहीं है वहां प्राथमिकता के आधार पर जीएसएस खोली जा रही है।
कहां-कितनी जीएसएस खुलेगी
जिला ------ जीएसएस की संख्या
जोधपुर ------ 71
पाली ------ 40
जालोर ------ 40
सिरोही ------ 20
बाड़मेर ------ 15
जैसलमेर ------ 40
.......................
‘जोधपुर खण्ड में 226 नई जीएसएस के लिए एक जुलाई से कार्य शुरू होगा।’
-भोमाराम, अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां जोधपुर जोन
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3AdYGQi
0 comments:
Post a Comment