फलोदी (जोधपुर). फलोदी में भीषण गर्मी का दौर शुरु हो गया, बादल छंटने के साथ ही तापमान में जबरदस्त उछाल आया। इससे मंगलवार को आम जनजीवन काफी प्रभावित रहा।
फलोदी में गर्मी से हालात ये रहे कि छत पंखे गर्म हवा देने लगे, तो छोटे कूलर भी फेल हो गए। सुबह आठ बजे शुरु हुआ गर्म हवा का दौर दिनभर चलता रहा।
जानकारों की माने तो मौसम में अभी तीन चार दिन ऐसे ही गर्मी का आलम रहेगा। दिन की शुरुआत में आकाश साफ रहने से सूरज ने तल्ख किरणें दिखाई, जिससे सुबह से ही तेज गर्मी का दौर शुरु हो गया। सुबह दस बजे के बाद सूरज की किरणें तल्ख हो गई और आमजन का धूप में खड़ा होना मुश्किल हो गया। बिना पंखे व कूलर के आमजन का शरीर गर्मी की तपन से जलने लगा और पसीने से तर बतर हो गया।
ऐसे पाई गर्मी से राहत
फलोदी में भीषण गर्मी से बचने के लिए आमजन से शीतल पेय पदार्थों का अधिकतम उपयोग किया और छायादार व शीतल स्थानों पर बैठे रहे। घरों में नींबू की शिकंजी, इमली का पानी, दही, छाछ, लस्सी का सेवन कर गर्मी से राहत पाने का जतन किया। जो लोग बाहर से आवश्यक कार्यों से आए थे, वे सड़कों पर छांव ढूंढते नजर आए। शहर के मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा।
दो दिन में सात डिग्री चढ़ा पारा
मौसम में आए बदलाव से दो दिनों में तापमान में सात डिग्री का उछाल आया है। गत रविवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री था जो बढ़ कर मंगलवार को 43.6 डिग्री पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान में 8.4 डिग्री उछल कर 31 डिग्री पहुंच गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3fpDpLr
0 comments:
Post a Comment