जोधपुर। राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर पाकिस्तानी विस्थापितों को केंद्र सरकार की हाल ही जारी एसओपी के आधार पर शीघ्र कोरोना टीका लगाने की मांग की है।
राठौड़ ने पत्र में लिखा कि राजस्थान में भारतीय नागरिकता मिलने की आस में कई दशकों से करीब 25 हजार से ज्यादा पाक विस्थापित निवास कर रहे हैं। ये लोग कोरोनाकाल में वैक्सीनेशन, कोविड जांच, स्क्रीनिंग, समुचित इलाज, खाद्य सामग्री और राशन के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
राठौड़ ने कहा कि कोरोना संक्रमण राजस्थान में रह रहे पाक विस्थापित हिन्दू परिवारों के लिए काल बन रहा है। जोधपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में कच्ची बस्तियों व पुनर्वास केन्द्रों में रहने वाले विस्थापितों में से करीब 20 से ज्यादा लोग काल कवलित हो चुके हैं। इनमें से अकेले जोधपुर में सर्वाधिक 10 विस्थापितों की मौत हुई है। सीमांत लोक संगठन सहित विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक संगठनों के बार-बार आग्रह के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। केंद्र ने गत ६ मई को जारी एसओपी में बिना वैध पहचान पत्र वाले साधु संतों, मानसिक चिकित्सालय में भर्ती लोगों, कैदियों, बेघर लोगों व भिखारियों तथा वृद्धाश्रम व पुनर्वास केंद्रों में रहने वाले बेसहारा लोगों के अलग से टीकाकरण के लिए राज्य सरकार को अधिकृत किया है। इसके अनुरूप टीकाकरण की व्यवस्था की जानी चाहिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/34vJq2B
0 comments:
Post a Comment