बालेसर (जोधपुर). बालेसर सत्ता कस्बे में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद होने से परेशान महिलाओं ने बालेसर जलदाय विभाग मुख्यालय पर बनी बड़ी टंकी के समक्ष प्रदर्शन कर जलापूर्ति सुचारू करने की मांग की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू कच्छावाह एवं मेघवालों का बास निवासी महिला जिया देवी मेघवाल के नेतृत्व में शनिवार को महिलाओं ने प्रदर्शन कर रोष प्रकट करते हुए बताया कि बालेसर मेघवालों का बास, जोशी मोहल्ला, दर्जियों का बास हरिजनों का वास, कच्छावाहों का बेरा, एमएम कॉलोनी सहित कस्बे में कई दिनों से एक बूंद भी पानी नहीं आने से ग्रामीण एवं पशुधन पेयजल संकट से परेशान हैं।
महिलाओं ने बताया कि 500 रुपए प्रति टैंकर देकर गर्मी के मौसम में पानी मंगवाने को मजबूर हैं, लेकिन जलदाय विभाग के कर्मचारी एवं ठेकेदार के कर्मचारी कोई ध्यान नहीं देते हैं।
ग्रामीण महिलाओं ने मुख्यमंत्री, विधायक, उपखंड अधिकारी एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों के नाम ज्ञापन प्रेषित कर चेतावनी दी है कि यदि 2 दिन में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो ग्रामीण महिलाएं सोमवार को धरना प्रदर्शन करेंगे तथा बड़ी टंकी पर चढ़कर रोष प्रकट करेंगे।
जलदाय विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन
खारिया मीठापुर. गांव के ब्राह्मणों के बास, राजपूतों के बास, जैनों के बास सहित आधा दर्जन से अधिक गली- मोहल्लों में लम्बे समय से हो रही पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को जलदाय विभाग कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही कलक्टर व जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत कर शीघ्र कार्यवाही की मांग की। पूर्व उपसंरपच देवराज पारीक व जब्बरसिंह राठौड़ ने बताया कि महंगे दामों में कई वर्षों से पानी का टैंकर मंगवाना पड़ रहा है।
इस दौरान सुवालाल पारीक, दीपक देशरला, देवराज पारीक, खेमदास वैष्णव, जब्बरसिंह, उपसंरपच लक्ष्मणसिंह राठौड़, ओमप्रकाश सैन, जुगलकिशोर पारीक, हरिकिशन पारीक, मनोहरसिंह, नारायणसिंह, किशोर पारीक सहित ग्रामीण मौजूद थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3fU1JUC
0 comments:
Post a Comment