जोधपुर. कोविड की दूसरी लहर में लगातार बढ़ते संक्रमण और कोरोना कफ्र्यू के बीच अपनों को संबल देने के लिए जोधपुर के विभिन्न समाज आगे आए हैं। समाजजन अपने स्तर पर स्वास्थ्य उपकरण और राशन से लेकर वर्तमान में सबसे बड़ी जरुरत बनी ऑक्सीजन के लिए पहल कर अपनों को मदद पहुंचाने प्रयासरत है । मुश्किल समय में राहत के बढ़ते कदम के बीच विभिन्न समाज के पदाधिकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में सबसे अधिक कारगर रूप से राहत देने का प्रयास कर रहे है।
माहेश्वरी समाज की धर्मशाला में १०० बेड की व्यवस्था
माहेश्वरी समाज की सिवांची गेट स्थित धर्मशाला में 100 बेड की व्यवस्था होम क्वारेंटिन मरीजों के लिए की जा रही है। इसमें कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जाएगा। छह ऑक्सीजन मशीन की व्यवस्था की गई है। समाज की ओर से सभी अंत्योदय परिवारों को सूखी राशन सामग्री और उनका बीमा करवाया गया। जिसका भुगतान माहेश्वरी समाज की ओर से किया गया है। एेसे परिवारों को तीन हजार रूपए तक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। समाज के नर्सिंग केयर सेंटर के माध्यम से भी लोगों का इलाज करवाया जा रहा है। समाज के शव दाहगृह में 4 नए स्टैंड स्थापित करने के अलावा गैस आधारित शव दाहगृह के लिए भामाशाह भंवर सोनी ने संबंधित कंपनी को ऑर्डर भी जारी कर दिया है। एक नया मोक्ष वाहन भी खरीदा जा रहा है। समाज की ओर से घर-घर मेडिकल किट के साथ ही कोविड प्रभावित परिवारों को घर पर भोजन किट व्यवस्था की गई है। कोविड वैक्सीन के दो कैंप आयोजित किए जा चुके है।
-नंदकिशोर शाह, मंत्री माहेश्वरी समाज जोधपुर
ज़ैन माइनॉरिटी फेडरेशन का प्लाज्मा व्यवस्था में सहयोग
जैन समाज की संस्थाएं कोरोना पॉजिटिव परिवारों के घरों पर टिफिन पहुंचाने की व्यवस्था संचालित कर रही हैं। ऑल इंडिया जैन माइनॉरिटी फेडरेशन की ओर से शहर में सभी लोगों के लिए शास्त्रीनगर जोन के इंसीडेंट कमांडर टीम के साथ कोरोना संक्रमण जांच,कोरोना के गम्भीर रोगियों की जीवन रक्षा के लिए जिला प्रशासन के मिशन जीवन रक्षा से जुडक़र प्लाज्मा की व्यवस्था, रेजीडेंसी हॉस्पिटल में कोविड-19 टीकाकरण कार्य में स्पॉट रजिस्ट्रेशन तथा शास्त्रीनगर जोन के अलग-अलग क्षेत्रों में वैक्सीनेशन शिविरों की व्यवस्था सम्बन्धित कार्य संचालित किया जा रहा है। महावीर युवा संघ की ओर से जीव दया के क्षेत्र में निरंतर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पशु पक्षियों के लिए व्यवस्था की जा रही है।
-उम्मेदराज जैन, अध्यक्ष, ऑल इंडिया जैन माइनॉरिटी फेडरेशन शाखा, जोधपुर
ग़ुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज : ऑक्सीजन जनरेटर मशीनों की व्यवस्था
ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज की संस्था गौतम सभा जोधपुर ने वर्चुअल मीटिंग में निर्णय लेकर 4 ऑक्सीजन जनरेटर मशीनों को ऑर्डर कर मंगवाया है। ऑक्सीजन की कमी से किसी भी समाज बंधु के स्वास्थ्य का नुकसान न हो इसके लिए समाज के भामाशाहों से संपर्क कर अतिरिक्त ऑक्सीजन मशीने मंगवाने का प्रयास किया जा रहा है। सभा अध्यक्ष माधोप्रकाश जाजड़ा व कोषाध्यक्ष धन्नराम राणेजा आदि वरिष्ठजनों के संयोजन में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा सभी स्वजातीय बंधुओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध कराई गई है। बाहर से आने वाले स्वजाति बन्धुओं के लिए गौतम सभा भवन में बने कक्ष चिकित्सा कार्य के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए है। वर्तमान हालात को देखते हुए चिकित्सा के क्षेत्र में सेवारत समाज बंधुओं के सम्पर्क नम्बर जारी किए है ताकि उनसे परामर्श व सलाह लेकर यथा संभव घर में प्राथमिक उपचार शुरू कर सके।
-दुष्यन्त राणेजा, मंत्री, गौतम सभा जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/32QGz3B
0 comments:
Post a Comment