जोधपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर होली के दूसरे दिन से मां पार्वती प्रतीक गवर माता के पूजन की कड़ी में मंगलवार को भी मंगल गीतों की धूम रही। गवर पूजने वाली तीजणियां परिचितों व रिश्तेदारों के घर घुड़ला लेकर पहुंची और मंगल गीत प्रस्तुत किए। मारवाड़ के प्रमुख लोकपर्व गणगौर पूजन के दसवें दिन शाम को गवर पूजन स्थल पर छिद्रयुक्त घुड़ले में दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद पारम्परिक गवर गीत प्रस्तुत किए। पावटा सी रोड आकाशवाणी के पास गवर पूजन के दौरान प्रेरणा, वंदना, मोनिका सोनी, मोनिका शर्मा,अनिता राठी व संगीता पंचारिया ने गवर गीत प्रस्तुत किए। नंदनवन नगर खेमे का कुआं क्षेत्र की ग्रीन वैली, हटडि़यों का चौक, आडा बाजार कुम्हारियां कुआं, सुखानंद की बगेची, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड प्रथम पुलिया व महामंदिर क्षेत्र में गवर पूजन के दौरान तीजणियों में खासा उत्साह रहा। गवर पूजन स्थलों पर गवर-ईसर की आकर्षक झांकियां भी सजाई जाने लगी है। माहेश्वरी महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष प्रभा वैद्य ने बताया कि तीजणियों की ओर से घुड़ला घर-घर घुमाने का क्रम गणगौरी तीज तक जारी रहेगा। घुड़ले का विसर्जन रामनवमी को किया जाएगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3rV59u3
0 comments:
Post a Comment