जोधपुर.
लूनी तहसील के धुंधाड़ा गांव के पास लूनी नदी की रपट से अनियंत्रित होकर एक बस बुधवार देर शाम नदी में जा गिरी और उसमें सवार दस यात्री घायल हो गए। तीन गंभीर घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार यात्रियों से भरी एक बस शाम को जोधपुर से जालोर जिले में सायला के लिए रवाना हुई। बस धुंधाड़ा पहुंची और बस स्टैण्ड रूकने के बाद आगे के लिए रवाना हो गई। बस जैसे ही लूनी नदी की रपट पर पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस रपट पर लहराने लगी। वह रपट के किनारे लगे पिलरों को तोड़कर सूखी लूनी नदी में जा गिरी। उसमें सवार यात्रियों में हाहाकार मच गया। वहां से निकल रहे वाहन चालक व आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
साथ ही यात्रियों को बाहर निकाला। इनमें जालोर निवासी किशन कुमार, नीलम बरवा, बींजराम राजपुरोहित, सपना, शांति देवी, पाली में गेलावास निवासी जेठी, नारायणी, धुंधाड़ा निवासी पूनमराम व रणवीरसिंह घायल हो गए। जिन्हें १०८ एम्बुलेंस से कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। इनमें से गंभीर घायल छतरसिंह, किशन कुमार व जेठी देवी को जोधपुर भेज दिया गया।
चालक रणवीरसिंह का कहना है कि बस के लूनी नदी की रपट पर पहुंचते ही आंखों के सामने अंधेरा सा छा गया था। जिसके चलते बस से नियंत्रण खो दिया और बस नदी में जा गिरी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3u3tOP1
0 comments:
Post a Comment