जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत बीजेएस कॉलोनी में हनवंत ए स्थित मकान में आठवीं कक्षा के एक छात्र ने साड़ी से फंदा बनाकर जान दे दी। कारण पता नहीं लग पाया है लेकिन पुलिस का कहना है कि आत्महत्या से पहले वह मोबाइल में गेम खेल रहा था।
उप निरीक्षक खेताराम ने बताया कि मूलत: ऊजलिया हाल हनवंत ए निवासी हिमांशु सिंह (13) पुत्र अजयसिंह ने साड़ी से कमरे में फंदा लगाकर जान दी है। वह ट्यूशन नहीं जाकर अपने कमरे में था। उसके बाहर न आने पर मां ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मां को संदेह हुआ तो वो कमरे में जाने लगी, लेकिन कमरा अंदर से बंद मिला। मां व अन्य परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे तो इकलौते पुत्र हिमांशु को फंदे पर लटका देख चौंक गए। साड़ी का फंदा काट परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पिता की शिकायत पर मर्ग दर्ज कर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा।
इकलौता पुत्र था मृतक छात्र
पुलिस का कहना है कि मृतक हिमांशु अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके एक बहन है। पिता फैक्ट्री में काम करते हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। परिजन ने पुलिस को बताया कि हिमांशु ट्यूशन नहीं गया था और मोबाइल में गेम खेल रहा था। वह कौन-सा गेम खेल रहा था इस बारे में पुलिस को पता नहीं चल पाया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2PJfqfP
0 comments:
Post a Comment