जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को मारवाड़ के मौसम में अचानक से बदलाव देखने को मिला। सुबह कोहरा छाए रहने के बाद दिन में बादलों की आवाजाही ने मौसम में ठंडक घोल दी। रात को तेज ठंडी हवा के झौंके शुरू हो गए। हवा की गति दस किलोमीटर प्रति घण्टा तक रहने से सर्दी एक बार फिर से बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी तेज हवा बहने के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।
सूर्य नगरी में गुरुवार की सुबह हल्के कोहरे में हुई।कोहरे के कारण अलसुबह वाहन चालकों को गाडिय़ों की हेड लाइट लगानी पड़ी। हवा में करीब 90 प्रतिशत नमी होने से मौसम में ठंडक घुली रही। दिन चढऩे के साथ सूरज और बादलों की लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया। दोपहर में बादलों की आवाजाही तेज हो गई। अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री मापा गया। रात 8 बजे से तेज ठंडी हवा के झोंके शुरू हो गए। हवा तेज चलने के कारण लोग ठिठुरने लग गए। ठंडी हवा से बचने के लिए लोगों को इमारतों की खिड़कियां और दरवाजे बंद करने पड़े। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली। फलोदी में न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम 27.6 डिग्री रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में रात का तापमान क्रमश: 14.1 व 11.4 और दिन का 29 व 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3arAKwI
0 comments:
Post a Comment