भोपालगढ़ (जोधपुर). राजस्थान पटवार संघ के प्रदेश नेतृत्व की ओर से संघ व सरकार के बीच पूर्व में हुए समझौतों को लागू करने तथा उनकी लम्बित मांगों व समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार को पटवार संघ उपशाखा भोपालगढ़ की ओर से अध्यक्ष विष्णुकांत शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय उपखण्ड मुख्यालय पर जमकर विरोध-प्रदर्शन एवं नारेबाजी की गई और इस संबंध में क्षेत्रीय उपजिला कलक्टर जवाहरराम चौधरी को मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
पटवार संघ उपशाखा अध्यक्ष विष्णुकांत शर्मा ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर गत 6 अक्टूबर से प्रदेश भर के पटवारियों द्वारा काला मास्क एवं काली पट्टी लगाकर कार्य करने के साथ ही अलग-अलग चरणों में आंदोलन किया जा रहा है। साथ ही राजस्थान के समस्त राजस्व, उपनिवेशन, सिंचाई एवं भू-प्रबन्ध विभाग के पटवारियों द्वारा अतिरिक्त पटवार मण्डलों के समस्त कार्यों का बहिष्कार भी कर रखा है। लेकिन इसके बावजूद सरकार द्वारा मांगें नहीं माने जाने से नाराज पटवारियों ने सोमवार को भोपालगढ़ उपखण्ड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और विविध मांगों को लेकर क्षेत्रीय उपजिला कलक्टर जवाहरराम चौधरी को मुख्यमंत्री व जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पटवार संघ अध्यक्ष विष्णुकांत शर्मा के साथ उपाध्यक्ष ताराचंद बैरवा, चेतनराम मेहरा, गोपालसिंह जोधा, भगवती गोदारा, सुरेंद्र चौटिया, कन्हैयालाल बुड़ीया, सोनाराम, रेखा व सदाकंवर समेत कई पटवारी मौजूद थे और सभी ने 28 फरवरी तक मांगें नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन करने एवं सडक़ों पर उतरने की चेतावनी भी दी। (निसं)
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Mryw8C
0 comments:
Post a Comment