जोधपुर. प्रतापनगर यूआइटी कॉलोनी स्थित मकान में कमरे के ताले की डुप्लीकेट चाबी बनाने के दौरान अलमारी का लॉकर तोड़ लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व दो लाख रुपए चुरा लिए गए। चाबी न बनने पर दूसरे कारीगर को लाया गया तो चोरी का पता लगा। मकान मालिक ने सोमवार को प्रतापनगर थाने में शिकायत पेश की।
पुलिस के अनुसार यूआइटी कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार के मकान में स्टोर के ताले की चाबी पिछले महीने खो गई थी। तब गत माह डुप्लीकेट चाबी बनाने वाले एक व्यक्ति को बुलाया गया। काफी देर तक उसने प्रयास किए और फिर दूसरे दिन चाबी बनाकर लाने की जानकारी देकर निकल गया।
वह दूसरे चाबी बनाकर नहीं लाया। तीसरे दिन वह साथी के साथ फिर वहां आया। अंदेशा है कि चाबी बनाने के दौरान उन्होंने स्टोर के पास रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा और उनमें रखे लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व दो लाख रुपए चुरा लिए। चोरी होने वाले आभूषण में सोने की अंगूठियां, सोने की चुडि़यां, सोने का एक टीका, आधा किलो चांदी की सिल्लियां, चांदी के दो कड़े, चांदी की आड़, पायजेब, कंदोरा आदि शामिल थे। अलमारी का ताला वापस लगा देने से उस दिन घरवालों को चोरी का पता तक नहीं चल पाया।
घर से जाने के दौरान उसने कुछ काम बाकी रहने और वापस आकर पूरा करने की जानकारी दी, लेकिन वह कई दिन तक नहीं आया। तब घरवाले एक अन्य चाबी बनाने वाले को लेकर आए तो अलमारी का लॉकर टूटा होने का पता लगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jyDUmB
0 comments:
Post a Comment