जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को मारवाड़ का अधिकांश हिस्सा कोहरे की आगोश मे रहा। कोहरे की चादर ओढ़े सूर्यदेव ने सुबह 11 बजे तक तो दर्शन ही नहीं दिए। दृश्यता एक किलोमीटर से भी कम रही। ऐसे में वाहन हैडलाइट लगाकर चलाने पड़े। जोधपुर सहित कई इलाकों में हवा में शत-प्रतिशत तक पहुंची नमी और बर्फीली हवा चलने से लोग दोपहर को भी ठिठुरते रहे। ठंडी हवा चलने से सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से ज्यादा गिरकर फिर 9.7 डि.सै. तक आ गया। अधिकतम तापमान भी गिरावट के बाग 24.2 डि.सै. रेकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने कोहरा अगले एक दो दिन और बने रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
सूर्यनगरी में बीती रात से जमीं पर जलवाष्प उतरने से दृश्यता कम हो गई। सुबह लोग उठे तो घना कोहरा छाया हुआ था। साथ ही तेज बर्फीली हवा चल रही थी। मॉर्निंग वॉकर्स और सुबह जल्दी काम पर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह आठ बजे बाद हालांकि कोहरा कुछ कम होने लगा, लेकिन सुबह साढ़े 11 बजे बाद ही इसके छंटने के बाद सूर्यदेव ने खुलकर दर्शन दिए। इसके बाद धूप निकली लेकिन इसमें तेजी नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी घना कोहरा छाया रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 8.2 और अधिकतम 22.2 डिग्री रहा। जैसलमेर व बाड़मेर में रात का पारा क्रमश: 6.7 व 7.1 और दिन का 21 व 24.2 डिग्री रहा। माउंट आबू में रात का तापमान 3 व दिन का 21.4 डिग्री रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/391s28U
0 comments:
Post a Comment