बेलवा (जोधपुर) . क्षेत्र के बस्तवा सुंडा गांव में मंगलवार अलसुबह विद्युत ट्रांसफार्मर पर इंसुलेटर टूटने से फैले करंट से पाक विस्थापित एक महिला की मौत हो गई। कार्यवाहक थानाधिकारी राणीदानसिंह ने बताया कि बस्तवा सुंडा गांव में गुलाबसिंह पुत्र शैतानसिंह के नलकूप पर पाकिस्तान (हाल निवास गंगाणा, जोधपुर) से विस्थापित होकर आया एक परिवार मई 2020 से कृषि कार्य कर रहा था। मंगलवार सलसुबह करीब 4 बजे ट्रांसफार्मर का इंसुलेटर फ्यूज होने से पास में बने कच्चे छप्परे में करंट फैल गया। 11 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर से करंट के साथ विस्फोट की आवाज सुनते ही छप्परे बच्चों के साथ सो रही 45 वर्षीया हमिला पत्नी नारूराम दरवाजे पर आते ही विद्युत करंट की चपेट में आ गई। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी दौडक़र आए। जिसके बाद तुरंत हमिला को बालेसर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। हादसे में हमिला के दो बच्चे भी झुलस गए, हालांकि गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस रिपोर्ट में मृतका के पति नारूराम ने बताया कि मंगलवार को घटना के वक्त वह जोधपुर में था। बालेसर अस्पताल में पोस्टमार्टम करके शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतका का अंतिम संस्कार जोधपुर में होगा।
नागरिकता से पहले मौत
हमिला अपने पति के साथ वर्ष 2016 में धार्मिक वीजा पर भारत आई। भारत आने के बाद पिछले पांच वर्षों से परिवार का गुजारा चलाने के लिए जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेती बाड़ी कर रहे थे। इनकी छह संतान है जिनमें तीन पुत्र व तीन पुत्रियां है। पिछले पांच वर्ष से नागरिकता के सुनहरे सपने देख रही हमिला को नागरिकता से पहले मौत नसीब हो गई। माँ की मौत के बाद सुबह से ही बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3niNTN0
0 comments:
Post a Comment