जोधपुर. भारतीय डाक विभाग ने इस साल बचत खाते पर न्यूनतम बैलेंस सीमा 50 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए कर दी है। जोधपुर जोन के 13 जिलों के खाताधारकों को अपना न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने के लिए 11 दिसम्बर तक का समय दिया गया है। इसके बाद किसी खाते में पांच सौ रुपए से कम मिलने पर उसके खाते से सौ रुपए पैनल्टी काटी जाएगी। पैनल्टी काटने के बाद अब किसी के खाते में शून्य बैलेंस हो जाता है तो उसका खाता स्वत: बंद हो जाएगा।
राजस्थान डाक परिमण्डल के पश्चिमी क्षेत्र डाक परिमण्डल में जोधपुर के अलावा बाड़मेर, जैसलमेर, सिरोही, जालोर, पाली, नागौर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझनूं व सीकर जिले आते हैं। पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय ने सभी जिलों के बचत खाताधारकों को 11 दिसम्बर से पहले अपने खाते में 500 रुपए या उससे अधिक बैलेंस रखने के निर्देश दिए हैं।
हर साल 2800 करोड़ का नुकसान
डाक विभाग के अनुसार अब तक बचत खाते में न्यूनतम 50 रुपए बैलेंस रखना जरुरी था, जिसके कारण विभाग को हर साल 2800 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा था।
4 प्रतिशत ब्याज, तीन साल में एक बार मूवमेंट जरुरी
डाक विभाग बचत खाते पर 4 प्रतिशत की दर से ब्याज देता है। अगर लगातार तीन वित्तीय वर्ष तक खाता धारक बचत खाते में पैसे की निकासी अथवा जमा नहीं करता है तो उसका खाता सुप्त अवस्था में चला जाता है। वापस केवाईसी के जरिए खाते को सक्रिय किया जाता है।
डाकघर बचत खाते पर एक नजर
- 500 रुपए न्यूनतम में खुलता है बचत खाता
- 50 रुपए न्यूनतम निकाल सकते हैं खाते से
- 10 रुपए से कम जमा नहीं होंगे खाते में
- 100 रुपए पैनल्टी न्यूनतम बैलेंस कम होने पर
- 10000 रुपए तक की आयकर छूट मिलती है
- 4 प्रतिशत ब्याज मिलता है बचत खाते पर
‘हमनें खाताधारकों को न्यूनतम बैलेंस रखने के लिए 11 दिसम्बर तक का समय दिया है।’
सचिन किशोर, पोस्टमास्टर जनरल, पश्चिमी क्षेत्र डाक परिमण्डल
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3eAWR5P
0 comments:
Post a Comment