जोधपुर.
नागौरी गेट थाना पुलिस ने उदयमंदिर तिलक नगर की वाल्मिकी बस्ती में बुधवार को एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया। दो पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस व एक मैग्जीन जब्त की। पुलिस ने आरोपी से और हथियार बरामद होने की उम्मीद जताई है।
थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मोंटू कण्डारा के पास हथियार होने की सूचना पर वाल्मिकी बस्ती में दबिश दी गई, जहां मकान के बाहर खड़े मोंटू को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास एक पिस्तौल जब्त की गई। पुलिस ने उसके मकान की भी तलाशी ली, जहां छुपाकर रखी ७.६५ एमएम की एक और पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस व एक मैग्जीन जब्त की गई। आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तिलक नगर में वाल्मिकी बस्ती निवासी किशन कुमार उर्फ मोंटू कण्डारा (34) पुत्र सुभाषचन्द्र वाल्मिकी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी नागौरी गेट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 23 एफआइआर दर्ज है।
माउंट आबू व बीकानेर में सम्पर्क
पुलिस आरोपी हिस्ट्रीशीटर से हथियारों के बारे में पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी से जांच में सामने आया कि वो माउंट आबू व बीकानेर में कुछ बदमाशों के सम्पर्क में था। अंदेशा है कि हथियार दोनों जगहों से लाए गए थे।
हत्या करवाने की फिराक में था एक अन्य बदमाश
मोंटू कण्डारा व मण्डोर थाने के हिस्ट्रीशीटर पवन सोलंकी में रंजिश है। पवन उसे रास्ते से हटाना चाहता था। इसके लिए पवन ने मोंटू कण्डारा की हत्या की सुपारी दी थी, लेकिन पहले ही दो नाबालिग हथियारों के साथ पकड़ में आ गए थे। लंबे तक फरार रहने के बाद पकड़ में आया हिस्ट्रीशीटर पवन सोलंकी मण्डोर थाना पुलिस की रिमाण्ड पर है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3mWMwnu
0 comments:
Post a Comment