जोधपुर. सस्ते डॉलर का लालच देकर दो ठगों ने नई सडक़ पर एक दवा व्यवसायी से तीन लाख रुपए एेंठ लिए। रुपए के बदले कागज में रद्दी के टुकड़े निकलने पर पीडि़त सदर बाजार थाने पहुंचा और दोनों युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी बंशीलाल वैष्णव ने बताया कि दईकड़ा निवासी राजेन्द्र चौधरी पुत्र नैनाराम ढाका की पाल रोड पर गायत्री नगर में महादेव मेडिकल नामक दुकान है। गत दो अक्टूबर को दो व्यक्ति दवा दुकान पर आए और एक डॉलर दिखाया व पचास रुपए में डॉलर दे दिया। जांच कराने पर डॉलर सही पाया गया। दवा व्यवसायी बाजार में डॉलर की कीमत अधिक होने व सस्ते के लालच में आ गया। दोनों युवकों ने अपने मोबाइल नम्बर दिए और चले गए। इसके बाद दोनों पक्षों में कई बार बातचीत होती रही। इस बीच, रविवार को ठग ने राजेन्द्र को फोन किया और छह हजार डॉलर खरीदने के लिए नई सडक़ बुलाया। लालच में आकर दवा व्यवसायी तुरंत नई सडक़ जा पहुंचा। वहां दोनों ठग उसे मिले और नई सडक़ के पीछे सुनसान गली में ले गए, जहां ठगों ने उसे छह हजार डॉलर दिखाए। जिन्हें तीन लाख रुपए में बेचने का झांसा दिया। दवा व्यवसायी डॉलर खरीदने को तैयार हो गए। उसने तीन लाख रुपए दिए। बदले में ठगों ने कागज में छह हजार डॉलर होने का बताकर व्यवसायी को सौंप दिए और फिर गायब हो गए। कुछ देर बाद राजेन्द्र ने कागज खोला तो उसमें रद्दी के कागज निकले। ठगी का पता लगते ही उसने आस-पास ठगों की तलाश शुरू की, लेकिन दोनों गायब मिले। दोनों के मोबाइल भी स्विच ऑफ थे।
पश्चिम बंगाल के मोबाइल नम्बर स्विच ऑफ
पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से ठगों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। इनके मोबाइल नम्बर पश्चिम बंगाल के बताए जाते हैं। जो स्विच ऑफ है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3k9Q8Rq
0 comments:
Post a Comment