जोधपुर.
शेरगढ़ थानान्तर्गत केतू हमा में सरपंच चुनावी रंजिश के चलते मकान में धारदार हथियारों से हमले में घायल सेवानिवृत्त फौजी का एक हाथ कट गया और दोनों पांव फ्रैक्चर हो गए। घायल पर एक माह के अंदर तीसरा हमला है। पिछले माह दो बार उसकी गाड़ी का पीछा कर फायर किए गए थे।
पुलिस के अनुसार केतू हमा गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी भंवरसिंह राठौड़ गंभीर घायल है और रेजीडेंसी रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती है। परिजन का कहना है कि उसका एक हाथ कट गया है। दोनों पांव में फ्रैक्चर है और ऑपरेशन कर स्टील की रॉड डाली गई है। शेरगढ़ थाने में राजूसिंह पुत्र रूपसिंह, कंवराजसिंह पुत्र मालमसिंह आदि बीस लोगों के खिलाफ तलवारें, लाठियां व देसी हथियारों से हमला करने का मामला दर्ज कराया गया। थानाधिकारी कैलाशदान का कहना है कि जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। जांच की जा रही है। अभी तक हमलावर पकड़ में नहीं आए हैं। पहले भी हमले का एक मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस कार्रवाई न होने से तीसरा हमला किया
घायल के परिजन का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते भंवरसिंह पर गत २१ जुलाई और २४ जुलाई को वाहनों में सवार युवकों ने पीछा कर फायर किए थे। सभी आरोपियों के पास हथियार थे। उन्होंने भंवरसिंह की गाड़ी रोकने का प्रयास किया था, लेकिन भगा ले जाने से हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस संबंध में शेरगढ़ थाने में दो बार लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते इस बार घर में सो रहे भंवरसिंह पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/31YNM0J
0 comments:
Post a Comment