जोधपुर. जोधपुर का सर्वांगीण विकास अब सबके ज्ञान, अनुभव एवं सुझावों के आधार पर किया जाएगा ताकि भावी आवश्यकताओं व स्थानीय जरूरतों के अनुरूप जोधपुर में सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। संभागीय आयुक्त डॉ समित शर्मा ने मंगलवार को अपने कक्ष में जोधपुर के सिटी डवलपमेंट प्लान को लेकर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ करीब दस घंटे अलग-अलग मैराथन बैठकें की।
पहले अधिकारियों से बात
जोधपुर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। भावी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यहां पर सडक़, उद्यान, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, ड्रेनेज सिस्टम, स्वच्छता, तालाब का विकास एवं सौन्दर्यीकरण सहित अन्य कार्यों को मास्टर प्लान के मुताबिक गति दी जाएं। जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि सिटी डवलपमेंट प्लान के तहत सभी 33 परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए मिशन मोड में काम किया जाए।
जनप्रतिनिधियों की जानी राय
जनप्रतिनिधियों ने जोधपुर में मेट्रो ट्रेन चलाने, एजुकेशन हब विकसित करने, पावटा से बनाड़ तक 6 लेन रोड विकसित करने, सारण नगर में बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, विशाल पार्क विकसित करने, उम्मेद सागर में विकास कार्य करवाने के सुझाव दिए। राज्यसभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत, रामनारायण डूडी, सुनील परिहार सहित अन्य मौजूद थे।
औद्योगिक संगठनों से बात
डॉ शर्मा ने कहा कोविड संक्रमण के दौर में आर्थिक गतिविधियों को पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उद्यमियों ने औद्योगिक पार्क विकसित करने, मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित करने, सॅालिड वेस्ट के निस्तारण के उपाय करने सहित अन्य सुझाव दिए।
रिटायर्ड अधिकारियों के साथ वार्ता
सेवानिवृत अधिकारियों से सुझाव दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उन्हें आईटी से जोडा जाएं। उनमें आने वाली बाधाओं का त्वरित निस्तारण किया जाएं। इसके लिए एक डेडीकेटेड सेल भी बनाई जा सकती है। इसमें प्रभा टाक, जे.के बंसल, गणपतलाल सुथार, अनवर अली उपस्थित थे।
स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील
- संभागीय आयुक्त ने स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि गरीब व जरूरतमंद तबके तक राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में स्वयंसेवी संस्थाओं की बड़ी भूमिका होती है।
इन प्रोजेक्टस पर चर्चा
कायलाना वाटर स्पोर्ट्स, कायलाना के चारों ओर सडक़ निर्माण, सिद्धनाथ रोप वे, गोशाला मैदान विकास कार्य, पॉलिटेक्निक कॉलेज ऑडिटोरियम, सारण नगर से बनाड़ तक 100 फीड रोड तथा आरओबी पर चर्चा की। साथ ही एम्यूजमेंट पार्क गणेश मंदिर, हेरिटेज पथ विकास कार्य, वर्षा जल निकासी के लिए भैरव नाला, यूनिवर्सिटी नाला, आरटीओ नाला, नया तालाब के पुनरूद्धार कार्य, बाइजी का तालाब पर भी चर्चा की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kxAm4l
0 comments:
Post a Comment