जोधपुर. संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) के खाद्य एवं कृषि संगठन ने फिर से टिड्डी हमला होने की चेतावनी जारी की है। यूएनओ के अनुसार पाकिस्तान के सिंध प्रांत के दक्षिण में स्थित नागपारकर इलाके में टिड्डी के अण्डों से निकले हॉपर पर अब पंख आने लग गए हैं। पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा शिथिलता बरते जाने के कारण अब यहां ऊर्जावान गुलाबी टिड्डी के दल बनेंगे। यह इलाका बाड़मेर के नजदीक है। ऐसे में भारत में खरीफ की फसलें बड़ी होने पर फिर से टिड्डी आने का खतरा है।
उधर भारत, पाकिस्तान व ईरान की ओर से अपने यहां बेहतरीन टिड्डी नियंत्रण किए जाने से एक महीने पहले जुलाई के अंतिम सप्ताह में टिड्डी लगभग खत्म हो गई थी लेकिन टिड्डी ने मरते-मरते भारत व पाकिस्तान के बॉर्डर पर करोड़ों अण्डे दे दिए। पिछले एक महीने से दोनों देशों के टिड्डी नियंत्रण अधिकारी अण्डों से निकल रहे हॉपर से जूझ रहे हैं। भारत में अब तक 60149 हेक्टेयर में हॉपर पर पेस्टीसाइड स्प्रे करके दूसरी व तीसरी स्टेज में मारा जा रहा है लेकिन जमीन के नीचे से लगातार हॉपर आ रहे हैं।
बीकानेर में सर्वाधिक हॉपर, जोधपुर दूसरे स्थान
राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में हॉपर की भरमार है। यहां 13 जिलों में लगभग प्रतिदिन हॉपर पर पेस्टीसाइड स्प्रे करके मारा जा रहा है। सर्वाधिक अण्डे बीकानेर जिले में दिए गए हैं। उसके बाद जोधपुर में अंडों की भरमार है। प्रदेश में बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, नागौर, पाली, सिरोही, जालोर, चूरू, सीकर, हनुमानगढ़ और झुंझनूं में हॉपर बैंड बन गए हैं। हरियाणा के भिवानी और गुजरात के कच्छ में भी टिड्डी ने अण्डे दिए।
अफ्रीका में फिर से हो गई टिड्डी
यूएनओ के मुताबिक अफ्रीका के सोमालिया, केन्या व इथोपिया में फिर से टिड्डी हो गई। यमन में अच्छी बरसात से वहां टिड्डी लगातार ब्रीडिंग कर रही है। अफ्रीका व यमन से सीधे टिड्डी दलों के भारत आने का खतरा बरकरार रखा गया है।
अब तक किस जिले में कितने हॉपर मारे गए
जिले का नाम -------------क्षेत्रफल हेक्टयर में
बीकानेर ---------------- 14038
जोधपुर ---------------- 12154
बाड़मेर ---------------- 10194
चूरू ---------------- 8552
जैसलमेर ----------------4621
श्रीगंगानगर ----------------2330
नागौर ----------------2290
हनुमानगढ़ ----------------2170
झुंझनूं ---------------- 1728
जालोर ---------------- 920
पाली ----------------870
सीकर ---------------- 272
सिरोही ---------------- 10
कच्छ ---------------- 2078
भिवानी ---------------- 10
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kMzQPQ
0 comments:
Post a Comment