जोधपुर. बाड़मेर के चितलवाना से एक और बड़ा टिड्डी दल सोमवार शाम को पाकिस्तान से घुसा। रात तक टिड्डी उड़ती रही और तकनीशियन इसके बैठने का इंतजार करते रहे। अजमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा के कई हिस्सों में बची-खुची टिड्डी छोटे-छोटे दलों में घूमकर हरियाली को चट कर रही है। अजमेर में बड़ा दल है। जोधपुर में अनेक स्थान पर टिड्डी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को छकाया हुआ है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को नौसर गांव में टिड्डी प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
जोधपुर में बावड़ी, सेखाला, फलोदी, लोहावट और शहर के आसपास के कई हिस्सों में टिड्डी दल घूम रहा है। कृषि विभाग द्वारा दमकल, ट्रेक्टर सहित अन्य साधनों से उस पर पेस्टीसाइड स्प्रे किया जा रहा है लेकिन पीछे बची टिड्डी फिर से बड़े दल में संगठित हो जाती है। दो-तीन दिन में पाकिस्तान से नया दल आकर इससे मिल जाता है और फिर नई जगह हरियाली चट करने बैठ जाती है।
खेतो में पहुंचे केंद्रीय मंत्री
लोहावट विधानसभा क्षेत्र के नौसर पहुंचने पर प्रधान भागीरथ बेनीवाल के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्री शेखावत का स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने टिड्डी की समस्या और इससे हुए नुकसान के बारे में शेखावत को अवगत कराया। ग्रामीणों की समस्या सुन शेखावत ने नौसर की बिनाणिया की ढाणी गए। यहां खेत में टिड्डी से हुए नुकसान के बारे ग्रामीणों से जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम को बुलाया और पूरे क्षेत्र में टिड्डी से प्रभावित गांवों का सर्वे कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को समय पर मुआवजा मिल सके।
मंत्री शेखावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, अधिकारियों को दिए निर्देश
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने फलोदी व लोहावट विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। वे फलोदी शहर में भाजपा फलोदी जिला के बूथ संपर्क अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र लेकर घर-घर पहुंचे। बापिणी और फलोदी तहसील कार्यालय में करीब एक घंटे तक आमजन की समस्याओं को सुना। सुनवाई के बाद संबधित अधिकारियों की बैठक ली और समस्याओं का समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद वे वीर चक्र विजेता राष्ट्रपति अवॉर्ड से सम्मानित मंगल सिंह के गांव निंबो का तालाब पहुंचे और उनके परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। मंत्री पुलिस कमांडो अशोक विश्नोई के तेलानासर गांव गए और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2A64jpL
0 comments:
Post a Comment