जोधपुर क्राइम फाइल : मकान को लेकर सास-बहू में विवाद, सास ने कहा घर में रहने नहीं देती पुत्रवधू

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

विकास चौधरी/जोधपुर. मण्डोर थानान्तर्गत नयापुरा के चाणक्य नगर में मकान में रहने को लेकर सास-बहू में उपजा विवाद थाने पहुंच गया। सास का आरोप है कि पुत्रवधू घर में रहने नहीं दे रही। वहीं, पुत्रवधू को आशंका है कि सास मकान बेचना चाहती है। पुलिस की समझाइश पर महिला को घर भिजवाया गया। थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि चाणक्य नगर निवासी सावित्री देवी व उसकी पुत्रवधू में विवाद है। सास व पुत्र भूतल और पुत्रवधू दो बच्चों के साथ प्रथम मंजिल पर रहती हैं। सास ने मकान से बाहर निकालने का आरोप लगा थाने में शिकायत दी थी।

कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट एसडीएस कार्यालय भिजवा दी गई थी। एसडीएम ने थानाधिकारी के नाम बेदखली का आदेश दिया था। वृद्धा गुरुवार रात थाने पहुंची और पुत्रवधू पर मकान से बाहर निकालने का आरोप लगाया। पुलिस मौके पर पहुंची तो बेदखल होने के संदेह में पुत्रवधू ने मकान का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और जबरदस्ती बाहर निकालने पर आत्महत्या करने की धमकी दी।

पुलिस ने मोहल्लेवासियों की मदद से वृद्धा को भाई के घर भेजा। इस बीच, शुक्रवार को पुलिस फिर मौके पर पहुंची। पुत्रवधू का कहना है कि पति व सास मकान को बेचना चाहते हैं। इससे उसके सामने रहने की समस्या हो जाएगी। वह सास को घर से बाहर निकालना नहीं चाहती है। समझाइश के बाद सास को घर में प्रवेश कराया गया।

कार की चपेट से वृद्ध की मृत्यु
जोधपुर. करवड़ थानान्तर्गत बोड़वी खुर्द मेगा हाइवे पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आई कार की चपेट से मोटरसाइकिल सवार एक वृद्ध की मृत्यु व उनका भतीजा घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बोड़वी खुर्द निवासी मांगीलाल जाट (६५) अपने भतीजे सुखदेव के साथ मोटरसाइकिल पर गांव से खेत की तरफ जा रहे थे। सुखदेव मोटरसाइकिल चला रहा था। बोड़वी खुर्द गांव से मुख्य रोड पर आने के बाद सेवकी गांव की तरफ जाने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार व लापरवाही से आई कार ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। चाचा व भतीजा नीचे गिर गए। घायलावस्था में उन्हें बनाड़ रोड स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर घायल मांगीलाल को मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर कर दिया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कोविड-१९ जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया। मृतक के पुत्र की तरफ से कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

लेन-देन का विवाद : कांग्रेस नेता के पुत्र को धमकी
लेन-देन के विवाद में जीरा मण्डी के पास एक युवक ने मुख्यमंत्री के भांजे के पुत्र को जान से मारने की धमकी दी और एसयूवी में बैठने से पहले कार दौड़ा दी। महामंदिर थाना पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर शुक्रवार को हथियार बरामद किया। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि प्रशांत कच्छवाहा ने खेतानाडी निवासी नाजिल हुसैन के खिलाफ लेन-देन के विवाद में जान से मारने की धमकी देने के संबंध में परिवाद पेश किया। नाजिल उससे झगड़े पर उतारू हो गया। खेतानाडी निवासी नाजिल पुत्र मनवर अली को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ कुछ फोटो अपलोड कर रखे थे। तब उससे एक अवैध हथियार जब्त किया गया। शांति भंग के आरोप में जमानत मिलने पर उसे शुक्रवार को आम्र्स एक्ट गिरफ्तार किया गया।

एडीजे के सूने मकान में चोरी
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत आदर्श नगर स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट के सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर निवासी गणपत बिश्नोई सिरोही में पदस्थापित हैं। पीछे उनका मकान सूना था। ११ जून की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया। पड़ोसियों की सूचना पर न्यायिक मजिस्ट्रेट के साले महेन्द्र बिश्नोई पुत्र भगवानाराम मौके पर आए। मकान के ताले टूटे थे और अंदर सामान बिखरा था। न्यायिक मजिस्ट्रेट के जोधपुर पहुंचने पर चोरी होने वाले सामान का पता लग पाएगा। महेन्द्र बिश्नोई की तरफ से चोरी का मामला दर्ज किया गया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2UAVzPi
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment