जोधपुर/मथानिया. जिले के मथानिया थानान्तर्गत नेवरा गंाव में एक बीमार किसान ने आर्थिक तंगी के चलते खेजडी के पेड़ से साफे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली । कार्रवाई के बाद मथानिया थाना पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया। थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि नेवरा में डूडियों की ढाणी निवासी मोटाराम जाट लम्बे समय से बीमार थे। बैंक से ऋण भी ले रखा था। आर्थिक तंगी के चलते ऋण की किस्तें जमा नहीं करवा पा रहे थे। जमीन के कुर्की की आशंका के चलते वो काफी समय से परेशान थे। इस बीच, शनिवार को वो घर से कुछ देर खेजड़ी के पेड़ पर साफे के फंदे से लटके मिले। उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घरवाले चाय पिलाने के लिए कमरे में आए तो मोटाराम नहीं मिले। इधर-उधर नजरें घुमाने पर वो खे•ाी के पेड़ पर लटके नजर आए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव नीचे उतरवाकर मोर्चरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया। पुलिस का कहना है कि मृतक के दो पुत्र हैं। जो खेती करते हैं। केसीसी के तहत मृतक ने ऋण ले रखा था। उसकी किस्तें बकाया होने से वो परेशान थे।
प्रेम विवाह करने पर पुत्री को जबरन ले गए घरवाले
प्रेम विवाह की वजह से चल रहे विवाद के बीच शास्त्रीनगर थानान्तर्गत रेजीडेंसी रोड पर वाहन में सवार कुछ व्यक्ति प्रेम विवाह करने वाली युवती को जबरन अपने घर ले गए। युवक ने युवती के पिता व अन्य के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार रेजीडेंसी रोड पर एक कॉलोनी में रहने वाले युवक की तरफ से एक नामजद सहित चार-पांच अन्य के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व पत्नी का अपहरण करने का मामला दर्ज किया गया है। युवक का आरोप है कि उसने गत 6 मार्च को एक युवती से आर्य समाज में प्रेम विवाह किया था। दोनों रेजीडेंसी रोड पर एक कॉलोनी में रह रहे थे। गत तीस मई को एक वाहन में सवार युवती के पिता व चार-पांच अन्य युवक जबरन घर में घुसे और पत्नी को घसीट कर अपने साथ ले गए। थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह का कहना है कि पिता पर ही उसकी पुत्री का अपहरण करने का मामला दर्ज कराया गया है। युवक ने युवती से प्रेम विवाह कर रखा है। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
सूने मकान से हजारों रुपए व कीमती सामान चोरी
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत झालामण्ड चौराहे के पास सूर्य विहार कॉलोनी स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर हजारों रुपए व कीमती सामान चुरा लिए। पीडि़त ने पुलिस में लिखित शिकायत दी। जिसे जांच में रखा गया है।पुलिस के अनुसार सूर्य विहार निवासी रवि शर्मा के सूने मकान का गत दिनों ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। कुछ ताले तो काट दिए गए। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़े और कीमती सामान चुरा लिया। मकान मालिक का आरोप है कि 25 हजार रुपए, आभूषण, कीमती घडिय़ां चुरा ली। वहीं, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने का भी आरोप लगाया गया। थानाधिकारी मुक्ता पारीक का कहना है कि मकान व पांच-छह दुपहिया वाहनों के दस्तावेजों के चोरी होने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में जांच की जाएगी। सूर्य विहार निवासी अधिवक्ता प्रियंका बोराणा का कहना है कि कॉलोनी में आए दिन चोरियां हो रही हैं। एक पखवाड़े पूर्व भी एक मकान में चोरी हुई थी। पुलिस अभी तक चोरों का पता नहीं लगा पाई है।
25 हजार रुपए खाते में वापस जमा करने का झांसा, 1.95 लाख निकाले
चौपासनी में फोन-पे से 25 हजार रुपए का भुगतान वापस खाते में जमा कराने का झांसा देकर शातिर ठग ने सरकारी कर्मचारी के दो बैंक खाते से 1.95 लाख रुपए निकाल लिए। पीडि़त ने राजीव गांधी नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।पुलिस के अनुसार चौपासनी गांव-गली-2 निवासी डॉ हरिदास पुत्र कन्हैयालाल व्यास सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं। गत चार जून को उन्होंने फर्नीचर के संबंध में फालना की निर्माता कम्पनी को फोन-पे एप के माध्यम से भुगतान किया था, लेकिन भुगतान उसके खाते में जमा नहीं हुआ। इस संबंध में शिकायत करने के लिए हरिदास शुक्रवार को यूनियन बैंक जा रहे थे। रास्ते में उनके मोबाइल पर अनजान नम्बर से कॉल आया। उस व्यक्ति ने वृद्ध से कहा कि उसके 25 हजार रुपए का भुगतान नहीं हो पाया है। इस राशि को खाते में फिर से जमा कराने के लिए उसके निर्देशों की पालना करे। वृद्ध झांसे में आ गए और ठग के बताए निर्देश पर मोबाइल ऑपरेट करते रहे। कुछ ही देर में वृद्ध के यस बैंक वाले खाते से यूपीआइ के माध्यम से 96042 रुपए और डेबिट कार्ड से 49998 रुपए निकाल लिए गए। वहीं, यूनियन बैंक वाले खाते से भी 49998 रुपए निकाले गए। ठगी का पता लगने पर वृद्ध ने बैंक और फिर पुलिस में शिकायत दी। वृद्ध का कहना है कि उन्होंने ठग को न तो ओटीपी नम्बर बताए थे और न ही बैंक खाते के बारे में कोई जानकारी दी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3eZlQ1q
0 comments:
Post a Comment