जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पेंशनर्स को मई महीने की पेंशन अब तक नहीं मिली है। महीना खत्म होने के बाद अब पूर्व शिक्षकों और कर्मचारियों का सब्र जवाब देता जा रहा है। शनिवार को विवि के तीन पूर्व कुलपतियों सहित कई शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन करके सोमवार तक पेंशन नहीं मिलने पर मंगलवार को विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। उधर विवि प्रशासन का कहना है कि उसके पास पेंशन के लिए बजट नहीं है।
जेएनवीयू पेंशनर सोसायटी के अध्यक्ष प्रो गंगाराम जाखड़ ने पत्रकारों से कहा कि विवि का यही रवैया रहा तो जुलाई के प्रथम सप्ताह में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। विवि में 1990 से पेंशन शुरू होने के बाद पहली बार पेंशनर्स को महीने के इतने दिन गुजर जाने के बाद भी पेंशन नहीं मिली है। पेंशन देना विवि प्रशासन और राज्य सरकार का कर्तव्य है। प्रो. जाखड़ बीकानेर स्थित महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति है वहीं जेएनवीयू के पूर्व कुलपति प्रो भंवर सिंह राजपुरोहित और प्रो गुलाब सिंह चौहान भी पेंशनर्स की श्रेणी में शामिल है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारियों की पेंशन भी अटकी हुई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ATGMso
0 comments:
Post a Comment