गजेंद्रसिंह दहिया/जोधपुर. जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय ने संभाग के 1.25 लाख नियमित विद्यार्थियों की शेष बची परीक्षाओं की तैयारी जून में करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। विवि प्रशासन ने संभाग के समस्त कॉलेजों को पत्र लिखकर विद्यार्थियों के मध्य 2 गज दूरी बनाए रखते हुए नए सिरे से परीक्षा केंद्र बनाने और उसमें विद्यार्थियों को समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। समस्त कॉलेजों को 20 मई तक इस संबंध में रिपोर्ट देनी है। इसके बाद विवि टाइम टेबल सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देगा।
जेएनवीयू ने जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर और पाली के संबद्ध कॉलेजों को पत्र लिखकर लॉक डाउन की गाइड लाइन के अनुसार परीक्षा केंद्र निर्धारित करने को कहा है। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने और परीक्षा केंद्र कम होने के कारण परीक्षाओं की पारी बढ़ाई जा सकती है। विवि में नियमित परीक्षाएं 12 से लेकर 19 मार्च तक हुई है। विश्वविद्यालय में सवा लाख नियमित परीक्षार्थी है जिसमें 70530 छात्र और 55025 छात्राएं शामिल है। संभाग में वर्तमान में 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं लेकिन सोशियल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए इन परीक्षा केंद्रों की संख्या 200 से भी अधिक हो सकती है।
कर्मचारी के नए आई कार्ड बनकर तैयार
जेएनवीयू ने अपने समस्त कर्मचारियों के नए आईडी कार्ड बनाए हैं। जनवरी में डाटा लिया गया था। अब बनकर तैयार हो गए हैं। विवि ने सूचना भेजकर समस्त कार्मिकों को वित्त एवं लेखा शाखा से आई कार्ड प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
जेएनवीयू ने 2 परीक्षा परिणाम जारी किए
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय ने लॉक डाउन के दौरान दूसरी बार सोमवार को दो परीक्षाओं के परिणाम जारी किए। विश्वविद्यालय ने एमए प्रथम सेमेस्टर (सीबीसीएस) राजस्थानी और एमए तृतीय सेमेस्टर (सीबीसीएस) राजस्थानी परीक्षा के परिणाम घोषित किए। परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
क्लैट परीक्षा अब जुलाई में
देश के 23 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की प्रवेश परीक्षा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट:2020) के ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाकर अब 1 जुलाई कर दी गई है। क्लैट कंसोर्टियम ने तीसरी बार तिथि में बढ़ोतरी की है। एक जुलाई के दिन ही क्लैट परीक्षा की तिथि की घोषणा की जाएगी। कंसोर्टियम की ओर से जारी बयान के अनुसार परीक्षार्थी को कम से कम 21 दिन का समय परीक्षा तिथि की घोषणा के बाद दिया जाएगा। ऐसे में परीक्षा जुलाई के अंत तक होने की संभावना है। वैसे क्लैट परीक्षा 10 मई को आयोजित की जानी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2zaKayd
0 comments:
Post a Comment