वीडियो : मनोज सैन/जोधपुर. माहे रमजान में एक माह तक इबादत और रोजे रखने के बाद रोजेदारों के इनाम का दिन ईद-उल-फितर सोमवार को घरों में सादगीपूर्ण माहौल में अकीदत से मनाया जा रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण और लॉक डाउन के कारण इस बार रोजेदार ईद की नमाज के बाद मुसाफा व गले मिलने की जगह केवल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से ही एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दे पाए। सोमवार सुबह जालोर गेट स्थित 300 वर्ष पुरानी ईदगाह में केवल 5 लोगों ने ही नमाज अता की। ईदगाह परिसर कोरोना लॉकडाउन के चलते सूना नजर आया। मुस्लिम बंधुओं ने लॉकडाउन की पालना करते हुए घरों में रहते हुए नमाज पढ़ी। हालांकि पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा।
पुलिस उपायुक्त प्रीति चंद्रा ने मुस्लिम बहुल इलाकों में जाकर समुदाय के बंधुओं को ईद की मुबारकबाद देने के साथ ही लॉकडाउन की पालना करने के लिए शुक्रिया अदा किया। जाकिर कॉलोनी में चंद्रा ने मुस्लिम बंधुओं को पूरे रमजान माह के दौरान पुलिस का सहयोग करने और घरों में रहते हुए पर्व मनाए जाने को लेकर आभार व्यक्त किया। उनके साथ अन्य कई पुलिस अधिकारी भी साथ रहे।
ईद की पूर्व संध्या पर शहर की कुछ चुनिंदा मस्जिदों में रोशनी भी की गई थी। रविवार शाम मगरीब की नमाज के दौरान जोधपुर में चांद नजर आने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को फोन पर ईद की मुबारकबाद दी। कोरोना लॉकडाउन के कारण ईद की पूर्व संध्या पर बाजारों में खरीदारी की रौनक पूरी तरह फीकी रही। परकोटे के भीतरी शहर के लोग लॉक डाउन व कफ्र्यू के बीच सिर्फ सिवइयां आदि जरूरत की चीजें ही खरीद पाए।
अधिकांश लोगों ने लॉकडाउन की अवधि लंबी होने की आंशका के चलते ईद सादगीपूर्ण ढंग से मनाने का निर्णय लिया है। मुफ्ती-ए-आजम मौलाना शेर मोहम्मद खान, शहर खतीब व अध्यक्ष चांद कमेटी, जोधपुर काज़ी मोहम्मद तय्यब तथा शहर काजी वाहिद अली ने सभी मुस्लिम भाइयों से ईद की नमाज घरों में अदा करने की पुन: पुरजोर अपील करते हुए जिला प्रशासन को पूरा सहयोग देने की गुजारिश की थी।
सुबह 11.50 बजे से पहले पढ़े ईद की नमाज
शहर काजी वाहिद अली ने सभी मुस्लिम भाइयों से ईद की नमाज सुबह 9.45 बजे से और जवाल का वक्त शुरू होने से पहले 11.50 बजे तक नफ्ल अदा करने और ईद की नमाज हो जाने के बाद चाश्त के नफ्ल की नीयत से चार रकअत नमाज घर पर ही अदा करने की अपील की है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2AWVM8t
0 comments:
Post a Comment