विकास चौधरी/जोधपुर. नई सड़क पर कफ्र्यू व पुलिस के सख्त पहरे के बावजूद शनिवार सुबह आबकारी विभाग की सील तोड़ कुछ लोग कार में शराब की दुकान से शराब की पेटियां भरकर ले गए। आस-पास के लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किए तो सदर बाजार थाना पुलिस ने कार नम्बर के आधार पर शराब दुकान संचालक के खिलाफ कफ्र्यू की शर्तों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया।
थानाधिकारी लेखराज सियाग के अनुसार नई सड़क पर अंग्रेजी शराब की दुकान है, जहां सुबह लाल रंग की कार आई। कार में सवार लोगों ने दुकान खोली और शराब की पेटियां निकालकर कार में रख दी। फिर कार लेकर रफ्फूचक्कर हो गए। दुकान के सामने मौजूद एक-दो युवकों ने पूरा माजरा देख लिया। उन्होंने पूरे मामले के वीडियो बनाए। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल वीडियो में लाल रंग की कार के पंजीयन नम्बर के आधार पर पुलिस ने कफ्र्यू की शर्तों का उल्लंघन करने की एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की।
आबकारी विभाग की सील-चेपा तोड़कर शराब ले गए
लॉक डाउन से शराब की दुकानें बंद हैं। एक अप्रेल से नए वित्तीय वर्ष में शराब की दुकानें नए लाइसेंसधारकों को दी जानीं है, लेकिन लॉक डाउन की वजह से आबकारी विभाग ने एक अप्रेल को शराब की सभी दुकानें सील कर नोटिस चस्पां किए थे। दुकानों के तालों पर चेपा लगाकर कपड़ा सील दिया गया था। दुकान में शराब को जहां है जैसी है स्थिति में रखवा दिया गया था। इसके बावजूद खुलेआम दिनदहाड़े सील व चस्पां नोटिस तोड़कर दुकान से शराब निकालकर कार में ले गए। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि दुकान संचालक कार में शराब भरकर ले गया है।
वर्दीधारी जवान की मौजूदगी में हिमाकत
कार में शराब की पेटियां भरने के दौरान खाकी वर्दी पहने एक जवान पास खड़ा था। जो वायरल वीडियो में नजर आया है। इससे अंदेशा है कि मिलीभगत के चलते कार कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में आकर शराबभर ले गई। पुलिस का कहना है कि वर्दी वाले जवान की पहचान नहीं हो पाई है। वह पुलिस कांस्टेबल है या होमगार्ड या अन्य कोई व्यक्ति हो सकता है।
चारों तरफ का क्षेत्र सील, फिर भी वारदात
कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से परकोटे में कफ्र्यू है। नई सड़क के चारों तरफ का क्षेत्र कड़े पहरे में सील है। नई सड़क की तरफ जाने वाले रास्ते पर नाका लगाकर पुलिस का कड़ा पहरा है। उसके बावजूद कार कफ्र्यूग्रस्त नई सड़क पहुंच गई। खुलेआम दुकान खोलकर कार में शराब भरकर ले भी गए।
जांच के लिए निरीक्षक भेजे, कार्रवाई होगी
जिला आबकारी अधिकारी उदयभानू चारण का कहना है कि मामले का पता लगने पर क्षेत्र के निरीक्षकों को मौके पर भेजा गया था। जांच कराई जाकर कार्रवाई की जाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2RybqMW
0 comments:
Post a Comment