जोधपुर में कोरोना से पहली मौत, मरणोपरांत पता चला वृद्ध था पॉजिटिव, संक्रमित मरीजों का आंकड़ा पहुंचा 34

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

जोधपुर. जोधपुर शहर में गुरुवार की सुबह बुरी खबर लेकर आई। प्रतापनगर यूआइटी कॉलोनी निवासी लालचंद धनानी (77) की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। इस मरीज के मरणोपरांत संदेह के आधार पर अस्पताल प्रशासन ने सैंपल लिया। जिसकी रिपोर्ट गुरुवार सुबह जांच में पॉजिटिव निकली। वहीं नागौरी गेट निवासी महिला व नागौरी गेट कलाल कॉलोनी निवासी व नवचौकिया अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर की रिपोर्ट जांच में पॉजिटिव आई। ये मरीज रैंडम सैंपलिंग से सामने आए थे। नागौरी गेट क्षेत्र की नई संक्रमित महिला भी प्रथम संक्रमित महिला मरीज के घर के पास नया तालाब निवासी है। वहीं दोनों पॉजिटिव मरीज व मृतक के परिजनों को सैपलिंग के लिए एमडीएम अस्पताल लाया गया।

जानकारी अनुसार मृतक धनानी लॉकडाउन से दो दिन पूर्व पूणे से जोधपुर लौटे थे। धनानी को दो-तीन दिन पूर्व सांस में तकलीफ चल रही थी। घर में धनानी के पत्नी व पौत्री होने के कारण मोहल्ले के लोग गत बुधवार सुबह एमडीएम अस्पताल ले गए थे। लेकिन बाद में धनानी को अस्पताल से घर लेकर आ गए। वहां फिर मोहल्ले वालों की उनकी संतान से हुई बात अनुसार शाम को तबीयत खराब होने पर उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने एमडीएम अस्पताल ले जाने को कहा। वहां से उन्हें एमडीएम अस्पताल ले गए।

जहां रात को उपचार के दौरान धनानी का निधन हो गया। अंदेशे के आधार चिकित्सकों ने उनका सैंपल लिया और शव को मोर्चरी में रखवाया। सुबह उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। धनानी के पुत्र स्पेन व पूणे में हैं। उनकी पुत्री दुबई में है। बाद में प्रशासन ने मृतक का दाह संस्कार कराया। निगम की टीमों की मौजूदगी में सिवांची गेट के समीप ओसवाल समाज श्मशान के निकट इलेक्ट्रिक मशीन से दाह संस्कार किया गया। प्रतापनगर क्षेत्र में सीएसआई महेश चांवरिया व टीम द्वारा पूरे मोहल्ले में सेनेटाइजर से छिड़काव किया गया।

मौत के बाद मोहल्ले की महिलाएं घर में बैठने गई
संक्रमित वृद्ध की मौत के बाद क्षेत्र की महिलाएं उनके घर बैठने गई। कई लोग भी गए। इसके अलावा वृद्ध को अस्पताल ले जाने वाले युवा समेत 25-30 जने सभी को एमडीएम अस्पताल लाया गया। इन सभी के स्वाब के नमूने लिए गए। इस घटना के बाद पूरे प्रतापनगर यूआईटी कॉलोनी में दहशत का माहौल छा गया।

मोहल्ले के लोग अस्पताल में खाने को तरसे
जानकारी अनुसार एमडीएम अस्पताल में मृतक की सेवा करने वाले लोगों समेत कइयों को अस्पताल लाया गया। अस्पताल प्रशासन ने शाम तक उन सभी के खाने-पीने का प्रबंध तक नहीं किया। इसमें कई मधुमेह व उच्च रक्तचाप के रोगी है। जबकि ये शिकायतें एमडीएम अस्पताल में लंबे समय से आ रही है।

जूनी मंडी डिस्पेंसरी के बाहर शाम को हंगामा
भीतरी शहर स्थित जूनी मंडी डिस्पेंसरी में नवचौकिया पीएचसी का संक्रमित चिकित्सक कोविड-19 के कारण डेपुटेशन पर था। यहां के स्टाफ व अन्य ड्यूटी पर लगे बीएलओ ने चार-पांच घंटे तक खुद की सैंपलिंग नहीं होने से नाराजगी जताई। मौके पर पुलिस बल भी आया।

एक भी अधिकारी नवचौकिया नहीं पहुंचा
चिकित्सक के पॉजिटिव आने के बाद नवचौकिया व जूनी मंडी सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल छा गया। इस बीच सीएमएचओ, संयुक्त निदेशक, उपनिदेशक, कलक्टर, एडीएम सहित एक भी अधिकारी वहां मौके पर नहीं पहुंचा। हालांकि बताया जा रहा है कि कुछेक स्टाफ को माहेश्वरी भवन रातानाडा में क्वॉरेंटाइन किया गया।

नवचौकिया अस्पताल स्टाफ रुका रहा अस्पताल में
नवचौकिया अस्पताल का स्टाफ व अन्य चिकित्सक रात को नवचौकिया अस्पताल में ही रुके रहे। क्योंकि यहां पॉजिटिव चिकित्सक मीटिंग के हिसाब से लगातार आ और जा रहा था। कइयों का घर नजदीक होने के कारण उन्होंने घर से खाना मंगवाया।

रज्जाक और भंवरलाल डिस्चार्ज
संक्रामक रोग संस्थान से लद्दाख से आए हुए रोगी रज्जाक और मसूरिया निवासी भंवरलाल को पॉजिटिव से नेगेटिव रिपोर्ट आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं रज्जाक को आर्मी वेलनेस सेंटर भेजा गया। वहीं भंवरलाल को उनके घर भेजा गया। अब तक संक्रामक रोग संस्थान 6 को डिस्चार्ज कर चुका है। इसमें चार जोधपुर निवासी है। एक पाली व एक लद्दाख निवासी है।

जोधपुर: कोरोना मीटर
अस्पताल - एमडीएम व एम्स जोधपुर
कुल पॉजिटिव भर्ती-34
पॉजिटिव से नेगेटिव- 6
कुल डिस्चार्ज-4
कुल मौतें- 1

इनका कहना है...
ये संक्रमित मृतक कार्डियक कांसेप्ट का था। इसी तर्ज पर अस्पताल में उसका इलाज किया गया। मृतक को पड़ोसी लेकर आए थे और पूणे जाने की हिस्ट्री थी। इसी के मद्देनजर मरीज का रात को सैंपल भेज दिया। कोरोना प्रोटोकॉल में ही उसकी बॉडी कवर की गई थी।
- डॉ. जीएल मीणा, प्रिंसिपल, डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज

60 वर्षीय संदिग्ध की कोरोना आउटडोर में मौत
मथुरादास माथुर अस्पताल में गुरुवार शाम को कोरोना आउटडोर में दिखाने आए उदयमंदिर धान मंडी निवासी (60 ) मरीज की मौत हो गई।मरीज ने पिछले दिनों गांधी अस्पताल में भी इमरजेंसी व आउटडोर में दिखाया था। इन दिनों सांस लेने में तकलीफ आ रही थी। चिकित्सकों ने मरीज के सैंपल भी लिए। मरीज का शव प्रोटोकॉल के साथ मोर्चरी में रखवाया। कोरोना सैंपल की रिपोर्ट अब आएगी।

मौत को लेकर जांच कमेटी गठित
एमडीएम अस्पताल में प्रतापनगर निवासी बुजुर्ग की मौत के बाद प्रशासन ने जांच कमेटी गठित की है। इस कमेटी से प्रिंसिपल डॉ.़ जीएल मीणा ने 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। कमेटी में डॉ. यूडी शर्मा, डॉ. पवन सारडा व डॉ. अरविंद जैन शामिल बताए जा रहे है। प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि मरीज की तीन साल पहले एंजियोग्राफी हो चुकी है। गौरतलब हैं कि अस्पताल में रोगी गत बुधवार सुबह आया था, उसके लक्ष्ण के बावजूद उसको घर जाने दिया गया। ये सभी बातें भी सवालों के घेरे में है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2XrBIEq
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment