जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की गुरुवार से शुरू हो रही नियमित परीक्षाओं से पहले जालोर जिले में विवि की ओर से परीक्षा केंद्र आवंटन पर वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई ने आपत्ति जताई है। विश्रोई के अनुसार जिले में कुछ कॉलेजों में परीक्षा केंद्र उसी कॉलेज में बना दिया गया है जबकि कुछ विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र इतना दूर बनाया गया है कि छात्र छात्राओं के लिए आना-जाना मुश्किल हो रहा है। जेएनवीयू को लिखे पत्र में वन मंत्री ने कहा कि कॉलेजों में आपसी प्रतिस्पद्र्धा होने की वजह से राज्य सरकार पर पक्षपात का आरोप लग रहा है। इससे सरकार की छवि खराब हो रही है।
जेएनवीयू से संभाग में जोधपुर, जालोर, पाली, बाड़मेर और जैसलमेर जिले के कॉलेजों को सम्बद्धता दी गई है। विवि ही यहां परीक्षा केंद्र तय करने से लेकर परीक्षा कार्यक्रम संचालित करने का कार्य करता है। सूत्रों के अनुसार जालोर जिले में एक व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में चल रहे कॉलेज में भी परीक्षा केंद्र बना दिया गया है, जबकि इसे शुरू हुए अभी केवल दो साल हुए हैं।
विवि नियमानुसार तीन साल से पहले किसी कॉलेज को परीक्षा केन्द्र आवंटित नहीं किया जा सकता। रानीवाड़ा स्थित एक कॉलेज में भी खुद के विद्यार्थियों के लिए वहीं पर परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इसके अलावा बाड़मेर में एक स्कूल परिसर में संचालित हो रहे कॉलेज को भी टिन शेड के बने उसी के भवन में परीक्षा केंद्र दे दिया गया। उधर विवि ने मंत्री को सफाई दी है कि गठित कमेटी की अनुशंषा पर ही परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र आवंटन सही नहीं
जेएनवीयू ने जालोर में कुछ कॉलेजों में खुद के कॉलेज को ही परीक्षा केंद्र बना दिया, जबकि कुछ परीक्षा केंद्र बहुत दूर बनाए गए हैं। मैंने इसकी समीक्षा करने के लिए कहा है।
-सुखराम विश्नोई, वन एवं पर्यावरण मंत्री
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cQLQvR
0 comments:
Post a Comment