जोधपुर. सूर्यनगरी की सैर कर जयपुर पहुंचे इटली के पर्यटकों के दल में शामिल दम्पती के कोरोना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि के बाद से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने जोधपुर में सख्ती बढ़ा दी है। जोधपुर आने वाले हर एक सैलानी का ब्यौरा जुटाया जा रहा है, वहीं विदेशी सैलानियों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है।
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल ऐतिहासिक मेहरानगढ़ में चिकित्सकों के दल ने गुरुवार को विदेशी पर्यटकों की स्क्रीनिंग की। वहां लगातार स्क्रीनिंग के लिए चिकित्सकों का दल तैनात किया गया है। पहले दिन मेहरानगढ़ में 350 से अधिक विदेश पर्यटकों की स्क्रीनिंग हुई। वहां आने वाले सैलानियों की स्क्रीनिंग नियमित रूप से जारी रहेगी। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रीतमसिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने पांच दल बनाए हैं। इनमें डॉक्टर्स व अन्य स्टाफ सम्मिलित हैं। ये दल विभिन्न होटल्स में जाकर पर्यटकों की स्क्रीनिंग कर रहे है।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने होटल मालिकों को उनके यहां आने वाले विदेशी सैलानियों की जानकारी तुरंत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में बनाए गए नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। जिन पर्यटकों का स्वास्थ्य उत्तम नहीं है, उनकी जानकारी स्वयं होटल संचालक चिकित्सा विभाग तक पहुंचा रहे हैं।
इटली के पर्यटकों का दल शास्त्री सर्किल के पास होटल जॉन बाय द पार्क में रुका था। होटल में 25 फरवरी से एक मार्च तक रुके लोगों का ब्यौरा जुटाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई है। साथ ही पर्यटकों के सम्पर्क में आए 14 होटल कर्मियों को घरों में ही निगरानी में रखा गया है। पर्यटक जहां जहां भी गए, उन स्थानों को कीटाणुमुक्त किया जा चुका है।
पर्यटक घूम रहे मास्क लगाकर
इधर, संक्रमण से भयभीत देसी-विदेशी सैलानियों के अलावा आमलोग शहर में चेहरों पर मास्क बांधे घूमते नजर आए। घंटाघर व अन्य पर्यटक स्थलों पर तैनात पुलिस कर्मी भी मास्क बांधकर ड्यूटी देते दिखाई दिए। कई पर्यटक बिना मास्क लगाए घूम रहे हैं। शैक्षणिक भ्रमण पर आया विद्यार्थियों का एक दल मास्क लगाकर शहर की सडक़ों पर घूमता नजर आया। दल में शामिल कुछ छात्राओं का कहना था कि एहतियात के तौर पर सभी ने मास्क लगाए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3cxcBVS
0 comments:
Post a Comment