जोधपुर. ईरान से वाया दिल्ली होते हुए रविवार को 275 भारतीय जोधपुर लाए गए। एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद इन्हें जोधपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित आर्मी के वेलनेस सेंटर में क्वारेंटाइन के लिए ले जाया गया। इन्हें यहां 14 दिनों तक आइसोलेशन में रखा जाएगा। चार दिन पहले भी 277 भारतीय यहां लाए गए थे। कुल मिलाकर अब यहां 552 भारतीयों को क्वारेंटाइन फैसिलिटी दी जा रही है। जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में करीब एक हजार बेड की व्यवस्था की गई है।
ईरान से महान एयरवेज के जरिए 275 भारतीय बीती रात दिल्ली एयरपोर्ट उतरे। जहां से निजी एयरलाइंस कम्पनी इंडिगो और स्पाइस जेट के दो विमानों के जरिए रविवार सुबह सात बजे जोधपुर पहुंचे। इनमें 133 महिलाएं, 142 पुरुष, चार बच्चे और दो नवजात शिशु शामिल है। सेना की कोणार्क कोर के अधीन आने वाले वेलनेस सेंटर में यात्रियों के खाने-पीने और मनोरंजन की भी उत्तम व्यवस्था की गई है। सभी के लिए व्यक्तिगत बेड, पीने का पानी और अन्य संसाधन है। बच्चों के लिए खेलने के खिलौने हैं। युवाओं के लिए इनडोर व आउटडोर की व्यवस्था की गई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QSxDFm
0 comments:
Post a Comment