जोधपुर.
बॉलीवुड सेलिब्रिटी प्रिंस नरूला के साथ दस लाख रुपए की धोखाधड़ी करने की आरोपी इवेंट व मॉडलिंग कम्पनी की मालिक ने एक और महिला से मॉडलिंग के नाम १.६० लाख रुपए एेंठे थे। महिला ने रातानाडा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। उसके खिलाफ जोधपुर में धोखाधड़ी की यह तीसरी एफआइआर दर्ज हुई है।
पुलिस के अनुसार मूलत: यूपी हाल वायुसेना क्षेत्र में अरविंद नगर निवासी अर्चना त्यागी पत्नी रजनीश ने मॉडलिंग कम्पनी इनफिनिटो की मालिक हिना शर्मा पुत्री रमाकांत और नोएडा की शिवानी के खिलाफ मॉडलिंग व फोटो शूट कराने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि गत वर्ष अक्टूबर में उसका सम्पर्क हिना शर्मा से हुआ था। उसने जोधपुर में मॉडलिंग स्कूल खोलने, फोटोशूट और मिस्टर एण्ड मिसेज इण्डिया फेम प्रतियोगिता आयोजित कराने का झांसा दिया था। इन बातों में आकर अर्चना ने गत वर्ष सात अक्टूबर को एक हजार रुपए जमा कराए। तब हिना दिसम्बर में जोधपुर आई और बतौर मॉडल फोटो शूट कराने के लिए १२ हजार रुपए और मांगे। छह जनवरी को उसने रातानाडा की एक होटल में बुलाया, जहां ड्रेस का माप दिलाने के लिए टेलर की दुकान ले गई, जहां उससे बारह हजार रुपए ले लिए थे।
इसके बाद जसवंत थड़ा में फोटो शूट के नाम पर ७० हजार रुपए और खाते में जमा कराए। जबकि फोटो शूट कराने के लिए वह मण्डोर गार्डन ले गई थी। वहां उसकी मुलाकात शिवानी से हुई थी।
नामचीन जींस कम्पनी का फर्जी प्रस्ताव पत्र सौंपा
आरोप है कि हिना ने अर्चना की पुत्री की फोटो लीवाइस जींस के डिजिटल विज्ञापन में चयन होने का झांसा दिया। इसके लिए बकायदा कम्पनी के नाम का फर्जी प्रस्ताव पत्र भी बनाकर उसे दे दिया। बदले में उससे सत्तर हजार रुपए लिए गए थे। इतना ही नहीं उसे तीन महीने का मॉडलिंग कोर्स पूरा होने का फर्जी प्रमाण पत्र भी दिया गया। उसे एक संविदा भी जारी की गई थी। जिसमें छह माह तक हर माह एक फोटो शूट पर दस हजार रुपए का भुगतान करने की शर्त रखी गई थी। आरोप है कि हिना शर्मा ने मॉडलिंग के नाम शहर की कुछ और महिलाओं से भी ठगी की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TSsyyE
0 comments:
Post a Comment