पीपाड़सिटी (जोधपुर). राजकीय चिकित्सालय में फैली अव्यवस्था को लेकर उपजिला कलक्टर शैतानसिंह राजपुरोहित ने मंगलवार को अपने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कार्मिकों को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रभारी अधिकारी को सुधार के निर्देश दिए।
उपजिला कलक्टर मंगलवार दोपहर को अचानक राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और स्टाफ उपस्थित रजिस्टर का अवलोकन किया, जिसमें आधा दर्जन कार्मिक ड्यूटी पर उपस्थित नहीं मिले और ना ही उनकी अनुपस्थिति या अवकाश दर्ज किया गया।
इस पर उन्होंने कड़ा एतराज जताया। इसके बाद भर्ती वार्ड के साथ शौचालयों की सफाई नही होने और मरीजों के बिस्तर की चादरें धुली नहीं होने को भी गम्भीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को अनुचित बताया। इस दौरान कनिष्ठ विशेषज्ञ सर्जरी के प्रति सप्ताह दो दिन ड्यूटी होने के बावजूद एनेस्थीसिया के अभाव में ऑपरेशन नही होने की जानकारी भी दी।
संक्रमण का भंडार
अस्पताल में सांस की तकलीफ होने पर उपयोग में ली जाने वाली नेबुलाइजर मशीन के मास्क को नहीं बदले की जानकारी पर उपजिला कलक्टर राजपुरोहित ने कार्मिकों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बिना मास्क को बदले या स्टरलाइज किए बिना उपयोग में लेने से संक्रमण फैलने का खतरा रहता हैं। लम्बे समय से इसको नहीं बदलने से ये संक्रमण का भंडार बन कर रह गया है।
डीडीसी का अवलोकन
उपजिला कलक्टर ने अस्पताल में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा वितरण केंद्र का अवलोकन किया। इसमें ऑनलाइन कार्य नहीं होने पर एतराज जताते हुए ऑफलाइन कार्य बंद करने को कहा। उनके अनुसार ऑनलाइन के अभाव में दवा का स्टॉक की जानकारी नही मिलने से दवा की कमी होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता हैं।
एक्स-रे स्टाफ की कमी
उपजिला कलक्टर ने एक्स-रे कक्ष का अवलोकन किया। जहां उन्हें बताया गया कि तीन पदों में से एक रेडियोग्राफर ही कायज़्रत हैं। जबकि वरिष्ठ और सहायक रेडियोग्राफर के पद वर्षों से रिक्त हैं। सिलकोसिस बीमारी के मरीजों के साथ अन्य बीस से पच्चीस मरीजों के एक्स रे किए जा रहे हैं। उपजिला कलक्टर ने इस मामले में मेडिकेयर रिलीज सोसायटी कोष से एक अन्य आवश्यक रेडियोग्राफर की नियुक्ति का आश्वासन दिया।
इन्होंने कहा
सरकारी अस्पताल की अव्यवस्था के साथ अन्य कमियों को शीघ्रता से दूर करने के प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ जिला कलक्टर को भी रिपोर्ट प्रेषित की गई हैं।
-शैतानसिंह राजपुरोहित, उपजिला कलक्टर, पीपाड़सिटी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2tEehe6
0 comments:
Post a Comment